सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन गंभीर घायल
औरैया, जागरण संवाददाता : शहर कोतवाली क्षेत्र में अलग -अलग जगह हुई सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन लोग ग
औरैया, जागरण संवाददाता : शहर कोतवाली क्षेत्र में अलग -अलग जगह हुई सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से दो को कानपुर रेफर किया गया है। पहली घटना क्षेत्र के गांव जगजीवनपुर के निकट हुई यहां नीलगाय की टक्कर लगने से बाइक सवार पिता -पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। फफूंद क्षेत्र के गांव गनू का पुरवा निवासी राम बिहारी अपने चौदह वर्षीय पुत्र रामजी के साथ बाइक से फफूंद से औरैया आ रहे थे। जगजीवनपुर के निकट तेजी से सड़क पार कर रही नीलगाय ने बाइक में टक्कर मार दी। नील गाय की टक्कर लगने से पिता -पुत्र बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। गंभीर घायलावस्था में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से राम बिहारी को प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया। एक अन्य दुर्घटना दिबियापुर रोड पर बिरिया भट्ठा के निकट हुई। जालौन क्षेत्र के सिरसा कलार निवासी राम शंकर (48) पुत्र सोने लाल अपनी मां सुखरानी व घनश्याम पुत्र राम स्वरूप निवासी धौरेरा के साथ बाइक से दिबियापुर से लौट रहे थे। बिरिया भट्ठा के निकट ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगने से तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। एम्बुलेंस के जरिए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर दिबियापुर रोड पर ही तुर्कीपुर के निकट हुए एक अन्य सड़क हादसे में शहर के मोहल्ला उपाध्यायनगर निवासी विजयदीन गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्रारंभिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया।