अपहृत बच्चों की तलाश में पहुंची फिरोजाबाद पुलिस
औरैया, जागरण संवाददाता : फिरोजाबाद जनपद के मखनपुर क्षेत्र से अपहृत हुए दो सगे भाइयों की लोकेशन औरैया
औरैया, जागरण संवाददाता : फिरोजाबाद जनपद के मखनपुर क्षेत्र से अपहृत हुए दो सगे भाइयों की लोकेशन औरैया में मिलने पर फिरोजाबाद पुलिस अपहृत बच्चों के परिजनों के साथ बरामदगी के लिए जनपद पहुंची। यमुना के बीहड़ में ऊंचा चौकी क्षेत्र में मौजूदगी की आशंका पर वहां तलाश की जा रही है।
फिरोजाबाद मखनपुर क्षेत्र के गांव किशनपुर निवासी राजेंद्र सिंह के पुत्र अभिषेक (13) व अंकित (9) शुक्रवार सुबह साइकिल से मखनपुर पढ़ने आए थे। दोनों यहां कक्षा नौ व कक्षा चार में पढ़ते हैं। स्कूल से छुंट्टी के बाद दोनों घर को रवाना हुए, लेकिन घर नहीं पहुंचे। परिजनों को चिंता हुई तो वह जानकारी करने मखनपुर पहुंचे। यहां कोई सूचना न मिलने पर जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद तलाश शुरू की थी। बच्चों के पास मौजूद मोबाइल को सर्विलांस पर लगाने के बाद लोकेशन औरैया क्षेत्र में मिली। लोकेशन मिलते ही एसएसआई मखनपुर अपहृत बच्चों को परिजनों के साथ जनपद की ओर रवाना हुए । यहां बच्चों की मौजूदगी यमुना के बीहड़ में ऊंचा चौकी क्षेत्र में होने की पुष्टि सर्विलांस के जरिए हो रही थी। पुख्ता जानकारी के बाद पुलिस ने इस क्षेत्र में तलाशी शुरू की है। एसएसआई मखनपुर के मुताबिक कुछ सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही बच्चों की बरामदगी कर ली जाएगी।