गलन से ठिठुरे, पारा 4.8 डिग्री
औरैया, जागरण संवाददाता : ठंड का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग द्वारा रविवार से मौ
औरैया, जागरण संवाददाता : ठंड का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग द्वारा रविवार से मौसम में सुधार की घोषणा की गई थी, लेकिन इसके विपरीत सुबह से ही गलन व कोहरे के चलते आम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बेजुबान भी हलकान दिखाई दिए। रविवार छुट्टी का दिन होने के कारण दोपहर तक लोग घरों में दुबकने को मजबूर हुए।
मौसम विभाग द्वारा 18,19, 20 जनवरी को मौसम साफ रहने की बात कही जा रही थी, लेकिन सुबह से ही आसमान पर घना कोहरा छा जाने से ठंड में और बढ़ोतरी हो गई। लोग ठंड की वजह से जिसे जो मिला, उसे जलाकर तापते हुए देखे गए। हालांकि पालिका द्वारा नगर में अलाव जलवाए जा रहे हैं। इसके बावजूद कई जगह व्यापारियों व लोगों ने खुद ही अलाव जलाकर तापा। ठंड की वजह से दोपहर 12 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। हालांकि रविवार को साप्ताहिक बंदी के चलते इक्का दुक्का दुकानें खुली दिखाई दीं, लेकिन अधिकतर दुकानदार सड़कों पर अलाव तापते दिखाई दिए। इक्का दुक्का ग्राहक जो आए भी, ठंड के चलते वह भी अलाव तापकर ठंड से बचाव करने लगे। यातायात व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। सवारी गाड़ियां अधिक समय में कम दूरी तय कर सकीं। वहीं सवारियां भी ठंड में नहीं निकली। घने कोहरे के चलते दृश्यता कम रही, जिससे यातायात रेंगता रहा। यातायात के संसाधन भी कम रहे। रविवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हवा की गति 5 से 6 किमी प्रति घंटा रही। तापमान कम रहने के कारण आर्द्रता में भी वृद्धि हुई, यह 82 फीसद रही । मौसम विभाग के अनुसार कोहरा व धुंध की वजह से सूरज के दर्शन नहीं हो पाए। सोमवार से मौसम में सुधार होने की संभावना है। उनका कहना है कि हवा का वेग न बढ़ने के कारण दिक्कतें बढ़ी हैं।