ठंड बरकरार, पारा 4 डिग्री
औरैया, जागरण संवाददाता : लगातार तीन दिन से धूप न निकलने से ठंड के चलते आम जनमानस से लेकर बेजुबान भी
औरैया, जागरण संवाददाता : लगातार तीन दिन से धूप न निकलने से ठंड के चलते आम जनमानस से लेकर बेजुबान भी हलकान दिखाई दे रहा है। वहीं तापमान में भी मामूली गिरावट देखी गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कल से मौसम में सुधार होने की संभावना है।
जनपद में ठंड का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। स्थिति यह है कि ठंड के चलते आम जीवन तो अस्त व्यस्त हो ही गया है। अब पशु पक्षी भी ठंड से हलकान होते दिख रहे हैं। पशु पालकों का कहना है कि ठंड के चलते पशुओं में प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वहीं दूध की मात्रा भी धीरे -धीरे कम हो रही है। ठंड की वजह से आम कामकाज पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। सरकारी कार्यालयों में भी सर्वाधिक असर दिखाई दे रहा है। दैनिक कामकाज भी पूरी तौर से नहीं हो पा रहे हैं और फरियादियों को दिन भर टरकाया जा रहा है क्योंकि जनपद भर के अधिकारी औरैया महोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने में लगे हुए हैं। ऐसे में कई किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचे फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ता है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस पर टिका हुआ है। आर्द्रता में और बढ़ोतरी हुई है और 71 फीसद रही। हवा का वेग पांच किलोमीटर प्रति घंटा रहा। मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार सिंह का कहना है कि रविवार से मौसम में सुधार होगा और धूप निकलने की भी संभावना बन रही है। उनका कहना था कि 18, 19 व 20 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। 21 से फिर बारिश की संभावना है।