शीतलहर ने बढ़ाई मुसीबत, पारा छह पर
औरैया, जागरण संवाददाता : जनपद में ठंड का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जनपद में पहली बार पारा
औरैया, जागरण संवाददाता : जनपद में ठंड का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जनपद में पहली बार पारा छह के नजदीक पहुंच गया। ठंड को देखते हुए पालिका प्रशासन द्वारा दो दर्जन से अधिक स्थानों पर अलाव जलवाए गए। ठंड के चलते सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज की गति बहुत ही धीमी रही।
मौसम विभाग के अनुसार हालांकि शीत लहर से राहत मिलने की संभावना थी, लेकिन लगातार शीत लहर का कहर जारी है। शीतलहर के चलते तापमान में भी भारी गिरावट देखी गई। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं आर्द्रता में भी बढ़ोतरी हुई है और करीब 65 फीसद तक पहुंच गई। हवा का वेग दस किलोमीटर प्रति घंटा रहा। दोपहर में धूप निकलने से लोगों ने राहत महसूस की और कामकाज छोड़कर धूप लेते देखे गए। यह स्थिति सर्वाधिक सरकारी कार्यालयों में दिखाई दी जहां पर कर्मचारी धूप में कुर्सी डालकर काम करते देखे गए। हालांकि फरियादियों को भी आज पूरे दिन सरकारी कर्मचारियों ने टरकाते देखे गए। मौसम वैज्ञानिक डा. संदीप कुमार सिंह का कहना है कि शीतलहर का प्रकोप एक दो दिन में कम होने की संभावना है। हालांकि तापमान में गिरावट जारी रहेगी। बरसात की संभावना 30 दिसंबर तक नहीं है। भीषण ठंड को देखते हुए पालिका द्वारा अलाव जलाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है कि पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि लालजी शुक्ला के निर्देशन में नगर के करीब तीस जगह अलाव जलाए गए। उनका कहना था कि जब तक ठंड कम नहीं होगी बराबर अलाव जलते रहेंगे।