धारदार हथियार से भाइयों को किया लहूलुहान
बिधूना (औरैया) संवाद सहयोगी : खेतों की सिंचाई करने गए दो भाइयों पर दबंगों ने लाठी डंडों और धारदार हथ
बिधूना (औरैया) संवाद सहयोगी : खेतों की सिंचाई करने गए दो भाइयों पर दबंगों ने लाठी डंडों और धारदार हथियार से हमला बोल दिया। हमले में दोनों भाई लहूलुहान हो गए। एक को गंभीरावस्था में कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम नवादा मलखान निवासी राम आसरे व पातीराम सुबह खेतों पर सिंचाई करने गए थे। दोनों बोरिंग पर लगे इंजन को कस रहे थे तभी सुरेश चन्द्र, राम किशोर, लाखन, हरि बाबू, अंगद ने लाठी डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें राम आसरे गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पातीराम का हाथ लहूलुहान हुआ। दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। यहां से राम आसरे को गंभीर स्थिति में कानपुर रेफर कर दिया गया।
एक वर्ष पूर्व पलायन कर गया था परिवार
बिधूना : राम आसरे व पातीराम पर दबंगों का इतना खौफ है कि एक वर्ष पूर्व इनके घर पर हमला बोला गया था। तभी से पूरा परिवार गांव से पलायन कर गया था जो खेती गांव में बची है उसी की देखरेख करने के लिए दोनों भाई आते -जाते हैं। बताते हैं कि एक वर्ष पूर्व हुए घटनाक्रम में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। उच्चाधिकारियों से भी गुहार लगाने के बावजूद जब नतीजा नहीं आया तो परिवार गांव से चला गया।