सड़क हादसों में आधा दर्जन घायल
औरैया, जागरण संवाददाता : कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग जगह हुई सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन लोग गंभीर
औरैया, जागरण संवाददाता : कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग जगह हुई सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो को रेफर किया गया है।
पहली दुर्घटना नेशनल हाईवे पर जनेतपुर के निकट हुई। क्षेत्र के गांव बाकरपुर निवासी अनिल कुमार अपने पुत्र अर्जुन के साथ बाइक से शहर की ओर आ रहे थे। जनेतपुर के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से अर्जुन को रेफर किया गया है। दूसरा हादसा मोहल्ला गुरुहाई के निकट हुआ। दुर्घटना में नीलम पत्नी राकेश गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। एक अन्य दुर्घटना करमपुर बंबा पुलिया के निकट हुई। इटावा जनपद के पुलैया गांव निवासी मुनेश कुमार बाइक से शहर की ओर आ रहा था। करमपुर बंबा के निकट तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे खड्ड में बाइक समेत जा गिरा। हादसा होते देख स्थानीय लोग दौड़े और घायल युवक को उठाकर एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा। यहां प्रारंभिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने के चलते चिकित्सकों ने सैफई रेफर कर दिया। पुरवा गांव के निकट एक अन्य दुर्घटना में नगला भान निवासी रामसहाय व विवेक कुमार घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।