ब्रेक डाउन से रात भर गुल रही बिजली
औरैया, जागरण संवाददाता : सोमवार रात हुए ब्रेक डाउन ने एक बार फिर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बदहाल कर
औरैया, जागरण संवाददाता : सोमवार रात हुए ब्रेक डाउन ने एक बार फिर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बदहाल कर दिया। घंटों पेट्रोलिंग के बाद किसी तरह फाल्ट ढूंढा जा सका। विभाग आए दिन हो रहे फाल्ट का निदान नहीं ढूंढ पा रहा है, जिसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। मंगलवार को दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक पहले से ही कटौती निर्धारित कर दी गई थी। इसके चलते दिन में बमुश्किल घंटे भर ही आपूर्ति मिल पाई।
रविवार को नहर के पास हुए ब्रेक डाउन से शहर की बिजली गुल रही थी। विभागीय अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत कर छह घंटे बाद फाल्ट ढूंढ पाए थे और कुल नौ घंटे के बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी थी। सोमवार की रात मेन लाइन में फिर फाल्ट हो गया। विभाग के लोग घंटों फाल्ट ही नहीं ढूंढ पाए। हालांकि इस बीच रोस्टिंग शुरू हो गई तो विभागीय कर्मचारी भी फाल्ट दुरुस्त करने की मशक्कत के बजाए शांत होकर बैठ गए। फिर आपूर्ति का समय हुआ तो फाल्ट ढूंढा गया। बताया गया कि कंचौसी मोड़ के निकट मेन लाइन में ब्रेक डाउन से दिक्कत रही। शहर में इस समस्या के चलते रात भर आपूर्ति नहीं मिली। लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे, लेकिन न तो आपूर्ति शुरू हुई और न ही फाल्ट दुरुस्त करने की कोशिश ही तेज की गई। मंगलवार को मेन ट्रांसफार्मर में काम होने के कारण दिन 12 से शाम पांच बजे तक पहले ही कटौती प्रस्तावित कर दी गई थी। इस कारण लोग बिजली जल्द आने के इंतजार में रहे,लेकिन न तो दिन में बिजली मिल पाई और न ही रात में आपूर्ति मिली। जिससे खासी परेशानी रही। एसडीओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि कई क्षेत्रों में वोल्टेज कम ज्यादा होने के कारण मेन लाइन में फाल्ट हुआ है। उनके अनुसार फाल्ट दुरुस्त कर दिया गया है। निर्धारित समय पर आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।