अघोषित बिजली कटौती से कारोबार चौपट
औरैया, जागरण संवाददाता : जनपद में चल रही अघोषित बिजली कटौती से जनपद का व्यापार भी प्रभावित होने लगा है। स्थिति यह है कि विद्युत कटौती के चलते कल कारखाने पूरी क्षमता से नहीं चल पा रहे हैं। वहीं शहर में रात के तीन घंटे की कटौती आम आदमी को टहल कर रात काटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस वजह से लोग काफी परेशान हैं।
शासन द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार शहर को 15 घंटे विद्युत आपूर्ति दिए जाने का शेड्यूल निर्धारित किया गया है, लेकिन स्थिति यह है कि बमुश्किल आठ से नौ घंटे ही विद्युत आपूर्ति मिल पा रही है। जिसकी वजह से शहर का व्यापार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो शहर का व्यापार पूरी तौर से ठप हो जाएगा। एक कारखाना मालिक का कहना है कि विद्युत आपूर्ति न मिल पाने के कारण प्रति दिन दर्जनों लोगों को बैरंग लौटाना पड़ता है। इसका प्रमुख कारण विद्युत आपूर्ति न मिलना है। शेड्यूल के अनुसार रात दस बजे से सुबह सात बजे तक अनवरत विद्युत आपूर्ति दी जानी है, लेकिन स्थिति यह है कि रात एक बजे से चार बजे तक बराबर कटौती हो रही है। वहीं दिन में आपूर्ति बंद करने का समय तो निर्धारित है, लेकिन बीच में जो छह घंटे आपूर्ति मिलती है उसमें भी दो दर्जन से अधिक बार आपूर्ति बंद होती है जिससे कल कारखाने पूरी क्षमता से नहीं चल पा रहे हैं। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार पुरवार व महामंत्री सुधीर सिंह कुशवाह ने विद्युत आपूर्ति के सुधार के लिए जिलाधिकारी से हस्तक्षेप किए जाने की गुहार भी की गई थी, लेकिन इस अपील का भी कोई असर पड़ता दिखाई नहीं दिया है।