पिछड़ों को जोड़ने को चलेगी मुहिम
औरैया, जागरण संवाददाता : भाजपा सामाजिक न्याय मोर्चा की हरलाल धाम गेस्ट हाउस में हुई बैठक में पिछड़े वर्ग को बीजेपी के पक्ष में लामबंद करने को खास मुहिम चलाने की रणनीति बनाई गई। प्रदेश महामंत्री संजय कटियार ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का मुहिम में सक्रिय भागेदारी करने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि विशेष सदस्यता अभियान में पार्टी ने सामाजिक न्याय मोर्चा को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी है। इस अभियान में सभी की भागेदारी से ही सफलता मिलेगी। केंद्र सरकार की नीतियों, योजनाओं, कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करने में जुटने का आह्वान भी किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछड़े वर्ग की सिर्फ एक बिरादरी को बढ़ावा दे रही है। शेष जातियां अर्से से उपेक्षित हैं। भाजपा ने उपेक्षित जातियों को आगे लाकर हर क्षेत्र में भागेदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की है। विशेष सदस्यता अभियान के लिए हरेक को अपनी जिम्मेदारी समझ कर जुटना है। संगठन मंत्री प्रकाश पाल ने कहा कि विशेष सदस्यता अभियान में पार्टी के चार फ्रंटल संगठनों को लगाया गया है। प्रयास करें कि सामाजिक न्याय मोर्चा इसमें अव्वल रहे। जिला महामंत्री लाखन सिंह राजपूत, श्रीराम मिश्रा, इन्द्रपाल सिंह पाल, किशन शर्मा, शशांक मोहन कुशवाहा, उमा शंकर राजपूत, दर्शन लाल, पूरन राजपूत, मनोज कुमार आदि ने भी विचार रखे। अध्यक्षता पूर्व विधायक छक्की लाल ने की। संचालन कर रहे मोर्चा के जिलाध्यक्ष आशाराम राजपूत ने मांग उठाई कि मोर्चा के सभी पदाधिकारियों को परिचय पत्र दिए जाए। इस पर प्रांतीय महामंत्री ने कहा कि इस पर विचार किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री ने बताया कि विशेष सदस्यता अभियान में 35 हजार लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य जिले को दिया गया है। इसको पूरा करने की जिम्मेदारी हर पार्टी कार्यकर्ता की है।