बच्चों ने तूलिका से बिखेरी अनुपम छटा
औरैया, जागरण संवाददाता : शुक्रवार को जायण्ट्स सेवा सप्ताह के अंतर्गत स्थानीय तिलक बाल विद्यालय में कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सेदारी की गई। राष्ट्रीय ध्वज विषय वाली चित्रकला प्रतियोगिता में छोटे बच्चों द्वारा तूलिका से कागजों पर अनुपम छटा बिखेर कर प्रदर्शन किया गया।
प्रतियोगिता की शुरूआत विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती कांती शुक्ला व अध्यक्ष भीमसेन सक्सेना ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। प्रतियोगिता में कक्षा 5 के 66 छात्र-छात्राओं ने हिस्सेदारी की। एक घंटे की इस प्रतियोगिता का विषय राष्ट्रीय ध्वज था। बच्चों द्वारा तिरंगे का चित्रण एवं रंगों का संयोजन कर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस मौके पर संयोजक अरविंद माधव पुरवार व अशोक अग्रवाल ने प्रतियोगिता के विषय में बच्चों को जानकारी दी। इस मौके पर अरविंद गहोई, डा. मनोज चौरसिया, अनिल गुप्त, ज्ञान सक्सेना, डा. सर्वेश आर्य, पीसी जैन तथा विद्यालय की पूनम पुरवार, आया शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे।
मेंहदी प्रतियोगिता में नेहा शिवहरे प्रथम : जायण्ट्स सहेली के विकास सप्ताह के अंतर्गत नरायन इंटर कालेज में मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक छात्राओं ने हिस्सेदारी की। छात्राओं द्वारा कलात्मक व रुचिपूर्ण मेंहदी लगाकर सभी को आश्चर्य चकित कर दिया। निर्णायकों द्वारा बाद में परिणाम घोषित किए गए जिसमें नेहा शिवहरे प्रथम, सोनी बाथम द्वितीय, तैयबा परवीन ने तृतीय स्थान अर्जित किया। पूनम पुरवार, राधा पोरवाल, आशा गुप्ता, सुधा अग्रवाल, अल्का गुप्ता, अंजना गुप्ता मौजूद रहे। नीलम लोइया ने आभार जताया।