मार्शल आर्ट सीखो, मजबूत बनो बिटिया
औरैया, जागरण संवाददाता : स्थानीय भारतीय विद्यालय बालिका इंटर कालेज में गुरुवार को विधिक जागरूकता प्राधिकरण की ओर से लगाए गए शिविर में किशोरियों से मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग लेकर आत्मरक्षा में सक्षम बनने का आह्वान किया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर ने कराटे के गुर छात्राओं को सिखाए।
सिविल जज सीनियर डिवीजन कुसुमलता ने कहा कि वर्तमान दौर में किशोरियों को आत्मरक्षा में समर्थ बनने की आवश्यकता है। इसके लिए तकनीकी जानकारी के अलावा संकट के समय समस्या का सामना कर खुद को सुरक्षित रखने के तरीके भी सीखना जरूरी है। सीओ सिटी शिवराज ने विद्यालय की छात्राओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट के लाभ हानि समझाए। महिला थाना प्रभारी सुभद्रा वर्मा ने आपसी रिश्तों में समझदारी कायम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी समस्या होने पर अपने माता पिता को जरूर अवगत कराएं। महिला हेल्पलाइन प्रभारी संगम भदौरिया ने महिला हेल्पलाइन पर फोन कर जानकारी देने को कहा इस दौरान मार्शल आर्ट ट्रेनर अजय कुमार ने छात्राओं को जूडो कराटे के दांव पेंच बताए। उन्होंने कहा कि समस्या के समय प्रबल आत्मविश्वास व तत्कालिक निर्णय से खुद की रक्षा की जा सकती है। इस दौरान कोर्ट मैनेजर विपिन कुमार, प्रधानाचार्या गीता चतुर्वेदी, पैनल अधिकारी नीरज कुमार, जमा हसन आदि मौजूद थे।