सुरक्षा रैली निकाल किया गया जागरूक
बिधूना(औरैया), संवाद सहयोगी : भारत गैस सर्विस कंपनी के दिशा निर्देश पर बाला जी भारत गैस एजेंसी पर सुरक्षा दिवस मनाया गया। इस दौरान सुरक्षा रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया, वहीं सुरक्षा संबंधी जानकारी के लिए एक प्रतियोगिता आयोजित कर विजयी उपभोक्ताओं को पुरस्कृत किया गया।
क्षेत्रीय उपभोक्ताओं एवं ब्राइट माइंड स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एजेंसी की संचालिका कमलेश सिंह एवं प्रबंधक डा. एके सिंह यादव के नेतृत्व में गैस सिलेंडर के सुरक्षा उपायों से जागरूक करने के लिए रैली निकाली। रैली नगर के भरथना रोड, फीडर रोड, लोहा मंडी, बाईपास मार्ग होते हुए स्कूल पहुंची। बाद में एक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया जिसमें बताया गया कि सोने से पूर्व रेगुलेटर हमेशा बंद रखा जाए। चूल्हे को जमीन पर न रखा जाए। सिलेंडर लेते समय लीकेज की जांच अवश्य कर लें। साल में एक बार चूल्हे एवं गैस की पाइप लाइन की जांच मैकेनिक से अवश्य कराई जाए।