सिलेंडर लीकेज से भड़की आग, दो झुलसे
औरैया, जागरण संवाददाता : कोतवाली क्षेत्र में शहर स्थित सुभाष चौक के निकट रविवार सुबह नान रोटी की रेहड़ी पर गैस सिलेंडर में लीकेज से आग भड़क उठी। दुकान पर काम कर रहे दो युवक झुलस गए। जिला अस्पताल से उन्हें कानपुर रेफर किया गया है।
सुभाष चौक के निकट बिहार के सीतामढ़ी जनपद के मौदा गांव निवासी नवल सिंह की नान रोटी की रेहड़ी है। रविवार को यहां बिक्री चल रही थी। अचानक रेहड़ी के नीचे रखे गैस सिलेंडर में लीकेज होने लगा। सिलेंडर से रिस रही गैस ने आग पकड़ ली। रेहड़ी पर काम कर रहे नवल के भाई अर्जुन और सुबोध आग की लपटों की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने धूल मिट्टी व पानी डालकर आग पर काबू पाया। सूचना पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। गंभीरावस्था में झुलसे युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर रिफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक युवक लगभग 50 फीसद झुलस गए थे। गौरतलब है कि रेहड़ी पर बड़े सिलेंडर से काम किया जा रहा था। इस संबंध में अग्निशमन अधिकारी रामबाबू ने बताया कि ठिलिया रेहड़ी पर गैस सिलेंडर का प्रयोग करना गैर कानूनी है। इस आशय के निर्देश पहले से ही जारी किए गए हैं। जांच कराकर कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।