सड़क दुर्घटनाओं में चार गंभीर घायल
औरैया, जागरण संवाददाता : कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को हुए तीन अलग- अलग सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से दो को कानपुर रेफर किया गया है।
पहली दुर्घटना भाग्यनगर ब्लाक क्षेत्र में दुबे का पुरवा गांव के निकट हुई। जानकारी के मुताबिक सिम्हारा निवासी सोहन कुमार साइकिल से भाग्यनगर जा रहा था। दुबे का पुरवा के निकट विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल में टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस के जरिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से नाजुक हालत के चलते कानपुर रेफर कर दिया गया। ऊमरसाना के निकट हुई एक अन्य दुर्घटना में सरदार का पुरवा निवासी राजू व ऊमरसाना निवासी अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइक से शहर से वापस लौट रहे थे। सड़क पर आवारा जानवर आने से बाइक असंतुलित होकर पलट गई। दोपहर बाद आनेपुर के निकट हुई एक अन्य दुर्घटना में तिलक नगर निवासी अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।