गवाहों के घर पहुंचकर दी धमकी
दिबियापुर(औरैया), संवाद सूत्र : सपा कार्यकर्ता भोला यादव हत्याकांड के आरोपियों के परिजनों ने सोमवार की शाम गहेसर गांव पहुंचकर मृतक के घर का घेराव करते हुए गवाहों को जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी के चचेरे भाई को पकड़कर जमकर पीटा, वहीं दूसरा फरार हो गया। घायल को एम्बुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। इधर मामले की पैरवी कर रही भोला यादव की पत्नी ने थानाध्यक्ष को प्रार्थनापत्र देते हुए जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
भोला यादव की पत्नी बेबी यादव निवासी गहेसर ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि 14 जुलाई की शाम को असलहों से लैस होकर हत्याकांड के मुख्य आरोपी महेंद्र सिंह यादव के चचेरे भाई रामवीर पुत्र सोबरन व प्रद्युम्न पुत्र सरनाम सिंह निवासी आशा का पुरवा फफूंद अपने तीन अन्य साथियों के साथ घर पर आए और घर का घेराव करते हुए उसके साथ गाली गलौज की। कहा कि मुकदमे की पैरवी करना बंद कर दो, नहीं तो जान से मार दी जाओगी। इनके गाली गलौज करने पर ग्रामीणों ने इन्हें घेर लिया, जिसमें रामवीर सिंह की जमकर धुनाई की गई, वहीं अन्य फरार हो गए। इधर मामले की जानकारी मिलने पर दिबियापुर थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह यादव ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी तथा जांच के लिए मौके पर हरचंदपुर चौकी इंचार्ज अशोक सिंह को भेजा। मृतक के परिजनों की सुरक्षा को देखते हुए घर के बाहर दो सिपाहियों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।