कहीं बरसे बदरा, कहीं तरसा गए
औरैया, जागरण संवाददाता : रविवार को फिर लोग गर्मी व उमस से जूझते दिखाई दिए। हालांकि बिधूना में कुछ क्षेत्रों में हुई बारिश से लोगों को राहत जरूर मिली है। औरैया, अजीतमल, भाग्यनगर ब्लाक में लोग उमस व भीषण गर्मी से परेशान दिखे। दोपहर बाद चली ठंडी हवाओं से लोगों को राहत जरूर मिली।
विगत एक सप्ताह से भीषण गर्मी से जूझ रहे जनपद वासियों को रविवार के दिन बिधूना क्षेत्र के सहार, भाग्यनगर ब्लाक के दिबियापुर, सहायल, हर्राजपुर, समाधानपुरवा, फफूंद व याकूबपुर क्षेत्र में हुई बारिश से लोगों को राहत महसूस हुई। वहीं औरैया, अजीतमल क्षेत्र में लोग भीषण गर्मी से जूझते दिखाई दिए। रविवार को मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच गया। आर्द्रता अधिक होने के कारण लोग उमस से परेशान दिखाई दिए। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 16 जुलाई को जनपद में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि अभी तक मौसम विभाग द्वारा की गई अधिकतर भविष्यवाणी मानसून के चलते गलत साबित हो रहा है।
शहर में गर्मी का यह आलम था कि लोग सुबह से ही घरों में दुबकने के लिए मजबूर हो गए हैं। जिसकी वजह से सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देता रहा। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद आंधी व हल्की बूंदाबांदी से मौसम में तब्दीली आई है। जिससे लोगों ने राहत महसूस की है।