शादी समारोह में हुआ संघर्ष, वृद्घ की मौत
बिधूना(औरैया), संवाद सहयोगी : कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंथरा में बीती रात एक शादी समारोह में खाना खाते समय विवाद हो गया। देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान वृद्ध को लात घूसों से मारपीट कर घायल कर दिया गया। बेहोशी हालत में जब वृद्ध को सीएचसी में भर्ती कराया गया तो वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। झगड़े में दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सैफई रिफर कर दिया गया।
ग्राम बंथरा में कमलेश की पुत्री की शादी थी जिसमें 70 वर्षीय रामसनेही भी मौजूद थे। रात करीब 11 बजे जब रामसनेही खाना खा रहे थे तो उन्होंने खाना परोस रहे प्रकाश से गरम पूड़ी देने को कहा। इस पर प्रकाश ने मजाक में कुछ कह दिया। इसी बात पर वृद्ध का विवाद हो गया और बात मारपीट पर उतर आई। आरोप है कि प्रकाश व विवेक ने वृद्ध रामसनेही को लात घूसों से जमकर पीटा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बेहोशी हालत में उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इधर झगड़े में प्रकाश व विवेक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सैफई रेफर कर दिया गया।