सड़क हादसों में महिला समेत चार घायल
औरैया, जागरण संवाददाता : कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को अलग-अलग जगह हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से एक को रिफर किया गया।
पहला हादसा नेशनल हाईवे पर फतेहपुर गांव के सामने हुआ। बिचौली निवासी अतुल(18) गांव के ही मलखान(22) के साथ बहन की लगुन चढ़ाकर इटावा की ओर से बाइक पर लौट रहा था। फतेहपुर गांव के सामने बाइक सड़क पार कर रही शिवानी पत्नी मुन्नालाल से टकरा गई। दुर्घटना में वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। स्थानीय लोग दुर्घटना होते देख दौड़े और बाइक सवार दोनों युवकों को दबोच लिया। जमकर पिटाई के चलते दोनों युवक भी घायल हो गए। बाद में महिला व दोनों बाइक सवारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अन्य घटना बिरुहुनी रोड पर हुई। पूठा भीखेपुर निवासी लाल सिंह(58) साइकिल से खेतों की ओर जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार बाइक सवार ने साइकिल में टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होकर वह सड़क पर गिर पडे़। स्थानीय लोगों ने नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्रारंभिक उपचार के बाद रिफर कर दिया गया।