गला घोंट कर की गई थी विजयपाल की हत्या
हसनपुर : ग्राम करनपुर खादर निवासी विजयपाल (25) की हत्या गला घोंट कर की गई थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्ट
हसनपुर : ग्राम करनपुर खादर निवासी विजयपाल (25) की हत्या गला घोंट कर की गई थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होने के बाद पुलिस गहराई से छानबीन में लग गई है।
विजयपाल की शादी दो साल पहले इसी थाना क्षेत्र के ग्राम चकफेरी से हुई थी। शादी के बाद से ही पति पत्नी में विवाद चल रहा है। दस दिन पहले विवाहिता मायके चली गई थी। शुक्रवार को विजयपाल पत्नी को बुलाने ससुराल गया था। ससुरालियों ने पत्नी को उसके साथ नहीं भेजा तो वह शनिवार को अपने घर लौट आया। रविवार सुबह उसकी लाश गांव के नजदीक एक खेत में शीशम के पेड़ के नीचे पड़ी मिली थी। गले में कपड़े का फंदा पड़ा होने से मौका ए हालात हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। मृतक के परिजन पत्नी व ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।
डीएसपी अविनाश कुमार गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विजयपाल की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
भूकन के हत्यारोपियों की तलाश में दबिश
हसनपुर: गंगा की रेती पर खेती करने वाले पथरा निवासी किसान भूकन की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अभी हत्यारों तक नहीं पहुंचे हैं। आदमपुर एसओ के नेतृत्व में पुलिस आरोपियों की तलाश में पडोसी जनपद में दबिश डाल रही है।
गांव पथरा निवासी मृतक भूकन गंगा की रेती पर खेती करता था। 21 अप्रैल को भूकन (40) को पड़ोसी जनपद बुलंदशहर के गांव मवई निवासी हिस्ट्रीशीटर मनोज व उसके गांव का सुरेश एक अज्ञात युवक दावत खिलाने की बात कहकर घर से लिवाकर ले गए थे। परंतु वह रात को लौटकर घर नहीं पहुंचा। बाइस अप्रैल को परिजनों ने दिन भर उसकी तलाश की परंतु पता नहीं चला। 23 अप्रैल को उसकी लाश उसके खेत से पांच सौ मीटर दूर पानी में मिली थी।
पुलिस रेती की भूमि पर कब्जे समेत अन्य ¨बदुओं पर भी बारीकी से जांच कर रही है। एसओ सुनील कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।