देहात पुलिस ने पकड़ा शातिर लुटेरा
अमरोहा : अमरोहा सर्किल में लूट व चोरी की वारदातों को ताबड़तोड़ अंजाम देने वाले गैंग के फरार चल रहे सदस
अमरोहा : अमरोहा सर्किल में लूट व चोरी की वारदातों को ताबड़तोड़ अंजाम देने वाले गैंग के फरार चल रहे सदस्य को देहात थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपी लूट की सात वारदातों में वांछित था। उसके तीन साथी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
बीते माह बदमाशों ने अमरोहा सर्किल में लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया था। इनमें डिडौली कोतवाली, नौगावां सादात व देहात थाना क्षेत्र की वारदातें शामिल थीं। इस मामले में देहात थानाध्यक्ष मोहित चौधरी व उनकी टीम गैंग की धरपकड़ के लिए लगी थी। उन्होंने गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर बीते माह ही जेल भेज दिया था। सभी बदमाशों ने लूट की वारदातों को कबूल भी किया था।
गैंग का शातिर सदस्य नेतराम उर्फ नेता फरार चल रहा था। नेतराम पर सर्किल में हुई लूट की सात वारदातें दर्ज थीं। शुक्रवार रात को एसओ देहात को सूचना मिली कि नेतराम क्षेत्र में ही घूम रहा है। लिहाजा उन्होंने शुक्रवार रात को घेराबंदी कर नेतराम को दबोच लिया। उसके पास से तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है। पूछताछ के दौरान नेतराम ने सभी वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।