अनंत की गिरफ्तारी की अटकलें तेज
अमेठी,जागरण संवाददाता: पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और डा.संजय सिंह व अमीता की जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से मुलाकात अनंत विक्रम सिंह की गिरफ्तारी की अटकलें तेज हो गई हैं। वहीं अनंत ने कहा कि वे अपनी जनता के लिए जेल जाने को तैयार हैं।
अमेठी पुलिस ने रविवार को हुए खूनी संघर्ष में डा.संजय सिंह के पुत्र अनंत विक्रम सिंह को घटना का षड़यंत्रकारी मानते हुए मुकदमा दर्ज किया है। उनके ऊपर हत्या, बलवा का षड़यंत्र रचने का आरोप है। ऐसे में जहां पुलिस ने बाकी आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है तो अनंत पर भी संकट आना तय माना जा रहा है। लेकिन मंगलवार की दोपहर डा.संजय सिंह व अमीता की प्रशासनिक अधिकारियों से हुई मुलाकात ने मामले का और हवा दे दी है। अमेठी की अवाम में अनंत की गिरफ्तारी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। वहीं अनंत ने भी साफ कहा कि वे जनता के लिए जेल जाने को तैयार हैं।
इनकी भी सुनिए
जनता में महाराज और अमीता के इशारे पर प्रशासन ने दहशत भर दी है। लोग घर छोड़कर भाग गए हैं। मुझे नजरबंद किया गया है। मेरे किसी रिश्तेदार को मिलने नहीं दिया जा रहा है। मुझे गिरफ्तार करने की बात पता चली है। अगर मेरे लिए लोग जेल जा रहे हैं तो मैं भी जेल जाने को तैयार हूं।
- अनंत विक्रम सिंह
......
रविवार की घटना पूरी तरह से निंदनीय है। महाराज अमीता के इशारे पर काम कर रहे हैं। मेरे भाई को फंसाया जा रहा है। घटना की सीबीआई जांच होनी चाहिए।
- शैब्या सिंह, संजय सिंह की पुत्री।
.....
किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा। घटना में जो भी दोषी हैं उन पर एनएसए तक की कार्रवाई होगी। गांव के लोग डरे नहीं सहयोग करें। गेहूं के साथ घुन तो पीसा ही जाता है।
- हीरालाल, एसपी, अमेठी।
.....
डा.संजय सिंह व अमीता ने मुलाकात की थी। उन्होंने कुछ मुद्दों पर बात की। ग्रामीण अपने घरों में लौटें। अब स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।
- जगतराज, डीएम, अमेठी।