दो ने छोड़ा चुनावी मैदान, 22 के भाग्य का फैसला आज
अंबेडकरनगर : ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शनिवार को नाम वापसी की प्रक्रिया अपराह्न तीन बजे संपन्न हो गई। क
अंबेडकरनगर : ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शनिवार को नाम वापसी की प्रक्रिया अपराह्न तीन बजे संपन्न हो गई। कटेहरी व रामनगर ब्लॉक से एक-एक प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। भीटी और जलालपुर विकासखंड में निर्विरोध चयन तय होने के उपरांत अब रविवार को सात विकासखंडों में मतदान होगा। कुल 22 प्रत्याशियों के लिए 820 क्षेत्र पंचायत सदस्य मतदाताओं द्वारा मतदान किया जाएगा। पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान की कवायद ब्लाक मुख्यालयों पर पूरी होगी। इसके बाद अपराह्न तीन बजे से मतगणना के साथ ही परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
त्रिकोणीय मुकाबला-अकबरपुर : विकासखंड अकबरपुर में नामांकन वापसी का वक्त बीतने के साथ ही सपा, बसपा और भाजपा के तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हैं। सपा से सुनीता वर्मा, बसपा से रेखा राजभर तथा भाजपा से राम किशोर वर्मा के भाग्य का फैसला रविवार को सुनाया जाएगा। यहां कुल 152 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में तीन प्रत्याशियों समेत 149 बीडीसी मतदाताओं के बीच से ब्लाक प्रमुख की जीत तय होगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी दिनेश ¨सह व पीएल यादव के अलावा खंड विकास अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया।
नाती के लिए छोड़ा मैदान-कटेहरी : कटेहरी विकासखंड से सपा प्रत्याशी कांती ¨सह के नामांकन वापस लिए जाने के बाद यहां छह प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हैं। सपा से ही जुड़े व कांती ¨सह के नाती अजय सिपाही के अलावा बसपा प्रत्याशी आनंद समेत दीपराज वर्मा, राघवेंद्र प्रताप ¨सह, रामभवन व राहुल के बीच चुनावी घमासान होगा। यहां कुल 108 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा मतदान किया जाएगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्र व खंड विकास अधिकारी राजकुमार त्रिपाठी ने नामांकन वापसी की पुष्टि की है।
सीधी टक्कर-रामनगर : विकास खंड रामनगर से ब्लाक प्रमुख पद के लिए दावेदारी करने वाली इंद्रावती पत्नी अमरनाथ ने चुनावी मैदान से किनारा कस लिया। अब यहां सपा से संगीता पत्नी बलिराम और बसपा की इंद्रावती पत्नी बंशराज के बीच मुकाबला होगा। यहां कुल 115 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा मतदान किया जाएगा।
दो दावेदार-जहांगीरगंज : विकासखंड जहांगीरगंज में सपा प्रत्याशी धर्मराज यादव तथा बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण के बीच चुनावी घमासान तय हो चुका है। यहां कुल 105 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 104 बीडीसी मतदाता ब्लाक प्रमुख चुनेंगे। कारण एक क्षेत्र पंचायत सदस्य को दो वार्ड से जीत हासिल हुई थी। एक वार्ड से त्यागपत्र दिए जाने के बाद यह स्थान रिक्त हो चुका है।
सपा व बसपा में द्वंद्व-बसखारी : विकासखंड बसखारी में सपा की कमला देवी तथा बसपा के बसंतलाल के बीच ब्लाक प्रमुखी को हासिल करने को जोर आजमाइश की जाएगी। यहां के कुल 103 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के सापेक्ष 101 बीडीसी मतदाता नए ब्लाक प्रमुख का चयन करेंगे। दो नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मृत्यु हो चुकी है।
मुकाबले में सपा घिरी-टांडा : विकासखंड टांडा में सपा की लखपत्ती के सामने बसपा की खुशनुमा चौधरी ताल ठोंक रहीं हैं। इसके अलावा अर्चना, किरन, ललिता भी प्रमुख पद की दौड़ में शामिल हैं। यहां कुल 136 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा मतदान किया जाएगा। बसपा प्रत्याशी खुशनुमा चौधरी के पक्ष में बसपा नेता लामबंद हैं।
भियांव : विकासखंड भियांव में सपा की कविता और बसपा की संगीता के बीच सीधा मुकाबला होगा। यहां कुल 104 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा मताधिकार का प्रयोग किया जाएगा।