कोहरे के साथ वापस लौटी सर्दी
अंबेडकरनगर : तापमान एक बार फिर गिरावट की ओर बढ़ने लगा है। बुधवार को चटख धूप खिलने के बाद गुरुवार को
अंबेडकरनगर : तापमान एक बार फिर गिरावट की ओर बढ़ने लगा है। बुधवार को चटख धूप खिलने के बाद गुरुवार को कोहरे ने दस्तक दी। दिनभर बदली व सूरज के बीच लुकाछिपी चलती रही। वहीं बर्फीली हवाओं के बीच गलनभरी सर्दी वापस लौट पड़ी।
गुरुवार की सुबह आगे बढ़ रही थी और कोहरे का प्रकोप हावी होता जा रहा था। हालांकि आठ बजे तक कोहरा छंटने लगा लेकिन आसमान पर काले बादलों का डेरा रहा। दस बजने तक बादलों को चीरते हुए सूर्यदेव बाहर निकले तो राहत महसूस हुई। लेकिन यह ज्यादा देर नहीं टिक सके और फिर दिनभर बदली और धूप का खेल चलता रहा। जिला अस्पताल में मरीज व तीमारदार पार्क में धूप सेंकते देखे गए। वहीं शाम ढलने के साथ ही बर्फीली हवाओं के बीच गलन ने वापस पैर पसार लिया। हल्की धुंध की दस्तक देने लगी। सुबह के समय कोहरे के चलते कुछ घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। हालांकि बाद में सड़क यातायात समान्य हो गया। जबकि ट्रेनों के विलंबित होने का दौर अभी जारी है।
सुधार के आसार नहीं : गुरुवार को जिले का तापमान अधिकतम 19 तथा न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के पर्यवेक्षक शंखमाधव त्रिपाठी के मुताबिक शुक्रवार को भी बदली के बीच सूरज की लुकाछिपी जारी रहेगी। मौसम में अभी सुधार होने की उम्मीद कम है। बताया कि रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।