राष्ट्रीय पर्व की धूम : जन, गण,मन अधिनायक जय हे..
अंबेडकरनगर : गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय पर्व का उल्लास चरम पर रहा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीणांचल
अंबेडकरनगर : गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय पर्व का उल्लास चरम पर रहा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीणांचल तक आयोजनों की धूम रही। प्रभातफेरी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हुए। राष्ट्रीय पर्व पर मेरा मुल्क मेरा देश मेरा ये वतन शांति का उन्नति का प्यार का चमन जैसे देश भक्ति गीतों के सुर कानों में गूंजते रहे। वहीं राष्ट्रगान जन, गण, मन अधिनायक जय हे..। गुनगुनाने के साथ तिरंगे को नमन किया गया। पुलिस लाइंस में आयोजित रैतिक परेड की सलामी सूबे के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने ली।
पुलिस लाइंस में मंत्री ने सुबह नौ बजकर 33 मिनट पर ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने परेड के जवानों को राष्ट्र रक्षा की शपथ दिलायी। स्वास्थ्य मंत्री ने रिमझिम बारिश के मध्य भव्य परेड की सलामी ली। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए देश के वीर सपूतों ने अपनी जान न्यौछावर कर दी थी। उन्हीं के दृढ़ इच्छा शक्ति के कारण देश को अंग्रेजों की गुलामी से छुटकारा मिला था। इसलिए हम सभी को उनका नमन करना चाहिए। समारोह में डीएवी साइंस एकेडमी, सेंट पीटर्स, ग्लोबल बिजडम, डॉ. अशोक कुमार स्मारक इंटर कॉलेज, सेंट जेवियर्स, सरस्वती शिशु मंदिर एवं तक्षशिला एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मंत्री ने छात्रों को शील्ड भेंटकर पुरस्कृत किया। समारोह में जिला जज राजकुमार, अपर सत्र न्यायाधीश बुद्धिसागर, अपर सत्र न्यायाधीश रामकरन, अपर सत्र न्यायाधीश वीके जायसवाल, सीजेएम राजेश नारायन मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी विवेक, एएसपी पंकज पांडेय, सीडीओ मन्नान अख्तर, सीएमओ डॉ. मेजर बीपी सिंह आदि मौजूद थे। क्षेत्रीय श्री गांधी आश्रम से जिला स्तरीय प्रभातफेरी निकाली गयी। यह लोहिया प्रतिमा शहजादपुर से वापस लौट समाप्त हुई।
जिला न्यायालय में जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को नमन किया। इस दौरान सभी न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी विवेक ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने कर्मचारियों को कर्तव्य निष्ठा व इमानदारी की शपथ भी दिलाई। जिला चिकित्सालय में सीएमएस डॉ. आरके पटेल, स्वास्थ्य कार्यालय पर सीएमओ डॉ. मेजर बीपी सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
-------------------