कोहरे की हुई वापसी, कड़ाके की ठंड बरकरार
अंबेडकरनगर : गत मंगलवार की रात एक बार फिर कोहरे का पलटवार हुआ। नतीजतन सुबह दस बजे तक वातावरण घने कोह
अंबेडकरनगर : गत मंगलवार की रात एक बार फिर कोहरे का पलटवार हुआ। नतीजतन सुबह दस बजे तक वातावरण घने कोहरे की चपेट में रहा। ऐसे में सड़क व रेल यातायात प्रभावित रहा। साथ ही कड़ाके की ठंड से जन जीवन प्रभावित है।
बुधवार की सुबह जनपदवासियों की नींद खुली तो घने कोहरे एवं सर्द हवाओं के साथ लोग दिन की शुरुआत करने को विवश हुए। करीब ग्यारह बजे सूर्य देवता के दर्शन शुरू हो गए। धूप निकलने के बावजूद मौसम में ठंड का अहसास होता रहा। मौसम के मिजाज में सुधार न होने से जनजीवन के साथ ही मवेशियों भी परेशान हो रही है। सरकारी कार्यालयों व बाजारों में आमदरफ्त कम रही। ठंड से बचाव के लिए लोग छतों तथा खुले स्थान पर धूप के सहारे बैठे देखे गए। जिला चिकित्सालय में मरीज व तीमारदार अलाव के सहारे ठंड से बचाव की कवायद में लगे रहे। नन्हें मुन्नें बच्चे भीषण ठंड में विद्यालय आने-जाने को विवश हुए। वहीं दोपहर बाद से ही मौसम में गिरावट शुरू हो गई। सूरज के ढलते ही गलन ने पैर पसारना शुरू कर दिया। सर्द हवाओं के बीच फिर से हल्की धुंध का प्रकोप शुरू होने लगा। ऐसे में सर्दी से बचाव के लिए लोग वापस अलाव की शरण में पहुंच गए। वहीं गत मंगलवार की रात करीब दस बजे से ही कोहरे का प्रकोप शुरू हो गया। कोहरे का प्रकोप बुधवार की सुबह तक जारी रहा। कोहरे के कारण सड़क एवं रेल यातायात प्रभावित रहा। लोग वाहनों की हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलने को विवश हुए। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के पर्यवेक्षक शंखमाधव त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को तापमान न्यूनतम पांच डिग्री एवं अधिकतम 14 डिग्री रिकार्ड किया गया। गुरुवार को भी कोहरे के प्रकोप के साथ ही हल्की धूप निकलने के आसार हैं।
ट्रेनें रहीं विलंबित :बुधवार को अकबरपुर जंक्शन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में कैफियात एक्सप्रेस का संचालन बेपटरी है। यह ट्रेन करीब सात घंटे विलंबित है। मऊ-आनंद बिहार पांच घंटे, किसान तीन घंटे, साबरमती दो घंटे विलंब से गुजरी। इसके अलावा दून, सियालदह, उत्सर्ग व पैसेंजर ट्रेनें भी घंटे देरी से चलीं।