सिर्फ वादों पर चल रही सपा सरकार
अंबेडकरनगर : अपनादल प्रदेश अध्यक्ष छोटेलाल मौर्य ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है।
अंबेडकरनगर : अपनादल प्रदेश अध्यक्ष छोटेलाल मौर्य ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। सपा सरकार केवल वादों पर चल रही है। किसान, छात्र, मजदूर सभी उपेक्षित हैं। वह निरीक्षण भवन में प्रेस-प्रतिनिधियों से मुखातिब थे।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने जिले में शिथिल पड़े संगठन को भंग कर दिया। कहा कि आगामी नौ जनवरी को कार्यकर्ताओं की बैठक में नई कार्यकारिणी गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अकबरपुर, टांडा व कटेहरी विधानसभा में एक हजार सक्रिय सदस्य बनाने की जिम्मेदारी पूर्व में दी गई थी। यह कार्य भी पूरा नहीं हो सका। प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश सचिव रामकीर्ति पटेल ने कहा कि पूरे प्रदेश में जिले के संगठन सक्रिय हैं। प्रदेश की सौ विधानसभाओं में चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है। एक सवाल के जवाब में नेताद्वय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा से समझौता था और रहेगा। दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इस मौके पर प्रदेश संगठन प्रमुख आनंद हीराराम पटेल, कृपाशंकर, अजय पटेल, उदयराज, सुरेंद्र, जयप्रकाश आदि मौजूद थे।