बीज के लिए कतार में लगे किसान
अंबेडकरनगर : किसान रबी फसल की बोआई की तैयारी में जुट गए हैं, लेकिन राजकीय कृषि गोदाम पर उन्नतिशील बी
अंबेडकरनगर : किसान रबी फसल की बोआई की तैयारी में जुट गए हैं, लेकिन राजकीय कृषि गोदाम पर उन्नतिशील बीजों की अब तक आपूर्ति नहीं हो सकी। सिर्फ एक ही प्रजाति का गेहूं बीज उपलब्ध हो सका है। फिर भी बीज के लिए गोदाम पर किसानों की लंबी कतार लग रही है।
अकबरपुर राजकीय बीज गोदाम पर मंगलवार को किसानों की भीड़ जमा रही। गोदाम में 502 प्रजाति का ही गेहूं बीज उपलब्ध होने से किसानों को निराश होना पड़ा। कृषक गोदामों पर नवीनतम प्रजाति के गेहूं बीजों की खोज कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यहां सिर्फ एक ही प्रजाति का बीज मिल रहा है, जो दस वर्ष के ऊपर की का है। गोदाम पर नई प्रजाति के बीज के लिए किसान भटक रहे हैं। कृषक रामअशीष वर्मा ने कहा कि गत वर्ष कई नवीनतम प्रजाति के बीच गोदाम से वितरित किए गए थे। उन बीजों पर अच्छी छूट भी मिली थी। कृषक अमरजीत वर्मा ने कहा कि 502 प्रजाति का बीज पुरानी प्रजाति का गेहूं बीज है। जिस पर दो सौ रुपये प्रति क्विंटल छूट दी जा रही है। इस वर्ष गोदाम पर नई प्रजाति के डब्ल्यू-17, 2737, 3367, वीपीडब्ल्यू 550 प्रजाति के बीज नदारद हैं। जबकि नई प्रजाति के बीजों पर 1400 रुपये प्रति क्विंटल में छूट का प्रावधान है। कृषि बीज गोदाम प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि गोदाम पर मौजूदा समय में 502 प्रजाति का ही गेहूं बीज 20 टन उपलब्ध है। जिसकी दर तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल है। इस पर दो सौ रुपये प्रति क्विंटल छूट दी जाती है। अब तक 12 टन बीज किसानों में वितरित किया जा चुका है। इसके अलावा गोदाम में चना, सरसों व लाही के बीज भी उपलब्ध हैं। अन्य प्रजाति के बीजों की आपूर्ति होने पर उसे किसानों में वितरित किया जाएगा।