वृद्घ की धारदार हथियार से हत्या कर गन्ने के खेत में छिपाया शव
भीटी (अंबेडकरनगर) : महरुआ थाना क्षेत्र के आंतडीह गांव रिश्तेदारी में आए वृद्ध की धारदार हथियार से हत्याकर शव को गन्ने के खेत में हत्यारों ने छिपा दिया। मृतक सुल्तानपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव, एएसपी पंकज, सीओ एसके तेवतिया ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व उसके अज्ञात साथियों के विरुद्ध हत्या व साक्ष्य छिपाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
उक्त थाने के गांव आंतडीह निवासी स्व. वंशराज वर्मा ने दो शादी की थी। पहली पत्नी भीटी थाने के दिलावलपुर निवासी सिंगारी देवी नि:संतान थी। जिससे उसने दूसरी शादी सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाने के गांव दुल्लापुर निवासी रामरती से की थी। रामरती के विधवा होने के कारण दूसरी शादी की थी। दूसरी शादी से रामरती को एक पुत्र अरविंद है। वर्षो पूर्व वंशराज की मौत हो गई। इसके बाद दोनों पत्िनयों के बीच संपत्ति हथियाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। करीब पांच वर्ष पूर्व बेवाना थाने की पुलिस ने समझौता कराकर दोनों महिलाओं को आधी-आधी संपत्ति पर कब्जा करवा दिया, लेकिन पूरी संपत्ति पाने की हवस दोनों महिलाओं के बीच जिंदा थी। पहली पत्नी सिंगारी देवी की पैरवी व संपत्ति की देखरेख उसके मायके वाले व दूसरी पत्नी रामरती की उसके पूर्व पति का भाई श्रीपति वर्मा पुत्र रामनरेश करता था। इस सिलसिले में श्रीपति अक्सर आंतडीह आता था। इसीक्रम में बीती शनिवार की शाम भी वह आया था। रविवार की सुबह श्रीपति (65) गांव के सटे मजरे रामपट्टी के पूरब स्थित रामप्रताप वर्मा के नलकूप के पास नित्यक्रिया के लिए गया था। वहां पहली पत्नी सिंगारी देवी का भतीजा गोली पुत्र रामसंवारे वर्मा अपने साथियों के साथ पहले से ही घात लगाये बैठा था। श्रीपति के नलकूप पर पहुंचते ही गोली ने अपने साथियों संग उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया और शव को पास स्थित गन्ने के खेत में छिपा दिया। इसके बाद घटना स्थल पर गिरे खून को फावड़े से खोदकर साक्ष्य मिटा दिया। यह सब गांव का एक व्यक्ति देख रहा था। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटना स्थल पर पहुंच गई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पंचनामा के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। एसपी समेत सभी अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गये। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई राजदेव वर्मा पुत्र रामनरेश की तहरीर पर भीटी थाने के गांव दिलावलपुर निवासी गोली पुत्र रामनरेश व उसके अज्ञात साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
छह साल पहले ही पड़ी थी घटना की नींव : घटना की नींव छह वर्ष पूर्व ही तब पड़ चुकी थी। जब स्व. वंशराज की दूसरी पत्नी रामरती ने गांव के ही केशवराम वर्मा के पक्ष में नौ बीघे खेत का मुख्तारनामा लिख दिया था। तत्समय दोनों महिलाओं के बीच संपत्ति को लेकर तनातनी शुरू हुई थी। विवाद गंभीर होता देख बेवाना पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच थाने पर घंटों पंचायत कर आधी-आधी संपत्ति का समझौता कराकर मामला शांत कराया था। तबसे दोनों पक्ष अपनी संपत्ति पर काबिज थे, लेकिन भीतर आक्रोश की चिंगारी सुलग रही थी।