शोषण के विरुद्ध होमगार्डो ने भरी हुंकार
अंबेडकरनगर : विभागीय शोषण के खिलाफ होमगार्ड जवानों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर धरना दिया। आंदोलित जवान ड्यूटी लगाने के लिए प्रभारी जिला कमांडेंट व लिपिक द्वारा की जा रही धन उगाही बंद करने की माग कर रहे थे।
धरना स्थल पर सभा में होमगार्ड संघ मंडल अध्यक्ष धर्मजीत वर्मा ने कहा कि अवैतनिक होमगार्डो का शोषण चरम पर पहुंच गया है। ड्यूटी लगाने के लिए जवानों से सुविधा शुल्क ली जाती है। जो सुविधा शुल्क नहीं देते हैं उनकी ड्यूटी सुदूर स्थानों पर लगा दी जाती है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा निर्दोष जवानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उनके ऊपर अनुशासनहीनता की कार्रवाई कर उन्हें निलंबित कर दिया जाता है। बहाल करने के लिए मोटी रकम वसूल की जाती है। इस कृत्य पर रोक लगायी जाए। जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश उपाध्याय ने कहा कि जिला कमांडेंट कार्यालय में जवानों की वर्दी, जूता, टार्च, बेंत आदि सामग्री रखी हुई है। विभागीय उदासीनता के चलते सामग्री जवानों को वितरित नहीं की जाती है। सुभाषचंद्र ने कहा कि जब तक प्रभारी जिला कमांडेंट का स्थानांतरण नहीं हो जाता है। तब तक विभाग में फैला भ्रष्टाचार खत्म नहीं हो सकेगा। जिस पर प्रदर्शनकारी जवानों ने एक स्वर से दूसरे जिला कमांडेंट के तैनाती की मांग किया। अंत में अतिरिक्त एसडीएम मिश्रीलाल ने प्रभारी जिला कमांडेंट आरके आजाद के साथ आंदोलित जवानों से वार्ता कर उनकी मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। आंदोलित जवानों ने राज्यपाल को संबोधित 11 सूत्री मांग पत्र अतिरिक्त एसडीएम को सौंपा। सभा को जगदंबा सिंह, शेरबहादुर सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, रवींद्र कुमार, बाबूराम, आद्या प्रसाद शर्मा, रामजी चौबे, रामजीत सिंह, परमानंद पांडेय, चंद्रप्रकाश, मंशाराम यादव, रामनयन, मनीराम यादव, रामप्रकाश यादव, श्रीनाथ यादव आदि ने संबोधित किया।