मेगा लोक अदालत में 463 वादों का निस्तारण
अंबेडकरनगर : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मेगा लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश राजकुमार की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें 463 वादों का निस्तारण कर 31 हजार 570 रुपये अर्थदंड आरोपित किया गया। मेगा लोक अदालत में 727 लोग लाभांवित हुए।
जनपद न्यायालय परिसर में आहूत मेगा लोक अदालत में अपर जिला जज राजीव कुमार ने एक दीवानी वाद, अपर जिला जज एसके गोयल ने चार फौजदारी वाद, अपर जिला जज विनोद कुमार जायसवाल ने तीन एवं अपर जिला जज रामकरन ने दो दीवानी वाद का निस्तारण किया। पारिवारिक न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश बुद्धिसागर मिश्र ने तीन पारिवारिक एवं 15 भरण पोषण वाद व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेश नारायण मणि त्रिपाठी ने 48 फौजदारी वादों का निस्तारण कर 2040 रुपये अर्थदंड आरोपित किया। सिविल जज सीनियर डिवीजन महेश चंद्र वर्मा ने दो दीवानी व 10 उत्तराधिकार वादों का निस्तारण कर 12 लाख 19 हजार 260 रुपये का उत्तराधिकार प्रमाण पत्र निर्गत किया। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भारत सिंह यादव ने 104 फौजदारी वाद एवं नौ हजार रुपये अर्थदंड, सिविल जज जूनियर डिवीजन रामलाल ने चार दीवानी व फौजदारी वादों का निस्तारण कर 200 रुपये अर्थदंड आरोपित किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट अवनीश गौतम ने 72 फौजदारी वादों व 2900 रुपये अर्थदंड एवं सिविल जज जूनियर डिवीजन सत्यपाल सिंह प्रेमी ने सात फौजदारी वादों का निस्तारण कर नौ सौ रुपये अर्थदंड आरोपित किया। तृतीय अपर सिविल जज विकास श्रीवास्तव ने 15 फौजदारी वादों का निस्तारण व 1530 रुपये अर्थदंड एवं किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान न्यायाधीश अवनीश गौतम ने तीन फौजदारी वादों का निस्तारण कर 15 हजार रुपये अर्थदंड आरोपित किया। वहीं राजस्व न्यायालयों में 152 वादों का निस्तारण किया गया। इस दौरान 596 पुरुष, 115 महिलाएं एवं 16 बच्चे लाभांवित हुए। इस मौके पर राजेश कुमार मालवीय, वशिष्ठ मिश्र, हरिशंकर, अजय चौधरी, पंकज नायक, मोहम्मद फिरोज आदि मौजूद थे।