हैंडपंपों में बांधे जा रहे मवेशी
जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर) : आमजन को शुद्ध जल मुहैया कराने की सरकारी मंशा कैसे परवान चढ़ेगी, जब पानी उगलने वाले हैंडपंप वर्षो से खराब पड़े हों और ग्रामीणों की शिकायतें अनसुनी कर दी जाती है। ऐसे में खराब हैंडपंपों में मवेशी बांधे जा रहे हैं।
कुछ ऐसा ही हाल विकास खंड रामनगर की मंसूरगंज ग्राम पंचायत डड़वा में लगे इंडिया मार्का-टू हैंडपंप का है। यहां गांव निवासी फरीद व जालिम के दरवाजे के सामने गत तीन वर्ष पूर्व इंडिया मार्का-टू हैंडपंप लगा था। लगने के दो-तीन दिन बाद से ही वह खराब हो गया और पानी देना बंद कर दिया। यहां तक कि हैंडपंप की फर्श तक नहीं बनायी गई। हैंडपंप खराब होने की वजह से वह निष्प्रयोज्य हो गया। बार-बार की शिकायतों के बाद भी खराब पड़े हैंडपंप को ठीक नहीं किया जा सका। जिसके चलते यह हैंडपंप के जरिए लोगों की हलक तर तो नहीं हो पा रही है। अलबत्ता ग्रामीण इस निष्प्रयोज्य पड़े हैंडपंप को जानवरों के बांधने के खूंटे के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। ग्रामीण बलिकरन, हमीद, शौकत अली, मोलई व घुरहू बताते हैं कि हैंडपंप को ठीक कराने के लिए कई बार ग्राम प्रधान व अन्य अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन उसे ठीक नहीं किया जा सका। ग्राम प्रधान सीताराम यादव कहते हैं कि हैंडपंप ठीक कराने के लिए उन्होंने काफी प्रयास किया, परंतु विभागीय उदासीनता के चलते उनका प्रयास असफल रहा।