बदमाशों ने दंपती को मारी गोली, महिला घायल
अंबेडकरनगर : जलालपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दंपती पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से महिला घायल हो गई। घायल महिला का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पति की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद समेत छह लोगों के विरुद्ध प्राणघातक हमले का मुकदमा दर्ज किया है।
जलालपुर संवादसूत्र के मुताबिक उक्त घटना क्षेत्र के रफीगंज गांव से जुड़ी है। गत शनिवार की शाम गांव निवासी संतोष गुप्त मोटर साइकिल से पत्नी मंजू देवी गुप्त 35 का उपचार कराने जलालपुर कस्बे आए थे। देर शाम करीब नौ बजे वह वापस घर लौट रहे थे। दोनों मंगुराडिला-न्यौरी मार्ग स्थित भियांव नाला की पुलिया के समीप पहुंचे थे कि पीछे से तीन बाइक पर सवार पहुंचे छह लोगों ने संतोष को रोकने का प्रयास किया। संतोष के न रुकने पर एक युवक ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली बाइक पर बैठी मंजू देवी के बांए हाथ को चीरती हुई निकल गई। गोली मारने के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मंजू को सीएचसी नगपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय भेज दिया। जहां उपचार चल रहा है। रविवार को थाने पहुंचे पति संतोष ने भाई योगेंद्र प्रसाद उनके पुत्र विवेक उर्फ अंशू व बृजेश उर्फ पिंकू एवं गांव के राकेश कुमार पुत्र पन्नालाल समेत छह लोगों के विरुद्ध तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने छह आरोपियों के मुकदमा मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। संतोष का आरोप है कि भाई योगेंद्र संपत्ति पर कब्जा करना चाहते है। उन्होंने पूर्व में भी जान से मारने की धमकी दी थी। थानाध्यक्ष ओपी शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।