सामूहिक विवाह में दाम्पत्य सूत्र में बंधे पांच जोड़े
अंबेडकरनगर : गुरूनानक धर्मशाला रविवार को ऐतिहासिक क्षणों का गवाह बना। यहां वर-वधू के पांच जोड़ों ने गुरू ग्रंथ साहब के फेरे लेकर जीवन भर के लिए दाम्पत्य सूत्र में बंध गए। समाजसेवा का जज्बा लिये धर्मवीर बग्गा गत आठ वर्षो से सर्वधर्म सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित कर गरीब बेटियों के हाथ पीले करा रहे है।
बग्गा ने अब तक साढ़े तीन सौ गरीब बेटियों के हाथ पीले करने का इस बार नगर के गुरु नानक धर्मशाला में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित हुआ। सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संपन्न कराने के लिए धर्मशाला के ऊपरी हाल को अस्थायी गुरूद्वारा बना दिया गया। सिक्ख परंपराओं के साथ गुरु ग्रंथ साहब को स्थापित किया गया। गुरू ग्रंथ साहब की स्थापना के साथ शब्द कीर्तन, अरदास हुआ। संगत में पांच जोड़े वर-वधू को लाकर गुरू ग्रंथ साहब के समक्ष बैठाया गया। थोड़ी हीर देर में अरदास शुरू हुई। संगत बैठी रही। वर-वधू और उनके माता-पिता खड़े रहे। वर-वधुओं ने गुरु ग्रंथ साहब के चार फेरे लगाये। सामूहिक मत्था टेका और विवाह का कार्यक्रम संपन्न हो गया। इसी के साथ बबिता-विजय, पूजा सोनी-सुरेश कुमार सोनी, नीतू प्रजापति-मनोज कुमार प्रजापति, निर्मला-अनिलचंद्र एवं नेहा गुप्ता-अनूप गुप्त के संग दाम्पत्य सूत्र बंधन में वंधे। उपस्थित गणमान्य लोगों ने वर-वधुओं के परिवार के लोगों, रिश्तेदारों ने सुखमय जीवन व्यतीत करने का आशीर्वाद दिया। प्रसाद वितरण के बाद सामूहिक लंगर लोगों ने छके। विदाई करते धर्मवीर बग्गा ने पंखा, साइकिल, स्टील के बाक्स, बेड, पीतल के थार एवं अन्य उपहार प्रदान किया। इस मौके पर सिक्ख समाज के लोगों के साथ पूर्व एमएलसी अजय कुमार उर्फ विशाल वर्मा, महंथ चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, बजरंगी जायसवाल समेत वर-वधुओं पक्ष के लोग मौजूद थे। कांवड़िया सेवा समिति, द हेल्प प्वाइंट, द हेल्प, खालसा वेलफेयर सोसाइटी हुसैनी मिशन संस्थाओं को सम्मानित किया गया।