मूल्य वृद्घि के विरोध में युवा कांग्रेसियों का प्रदर्शन
अंबेडकरनगर : केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में वृद्धि और आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने के विरोध में युवा कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
युवा कांग्रेसी लोकसभा उपाध्यक्ष रेहान जैदी की अगुआई में नगर स्थित पुराने तहसील तिराहे पर एकत्र हुए। इसमें राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ता भी शामिल रहे। अगुआई कर रहे जैदी ने कहा कि चुनाव पूर्व भाजपा नारा दे रही थी कि बहुत हुई पेट्रोल, डीजल की जनता पर मार, अबकी बार मोदी सरकार। भाजपा के केंद्र की सत्ता में आते ही अप्रत्याशित रूप से महंगाई की मार जनता को झेलनी पड़ रही है। इससे जनता का मोह भाजपा एवं नरेंद्र मोदी से भंग हो चुका है। कहा कि यदि शीघ्र ही बढ़े दामों एवं महंगाई पर रोक न लगाई गई तो युवा कांग्रेस सड़क से सदन तक जनहित में संघर्ष करने के लिए तैयार हैं। अकबरपुर विधानसभा अध्यक्ष सतीशचंद्र प्रजापति ने कहा कि जनता कुछ ही महीनों में केंद्र की भाजपा सरकार से ऊब चुकी है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के पूर्व प्रदेश सचिव दीपक शर्मा व जिलाध्यक्ष विशाल वर्मा ने कहा कि जिस तरीके से रेल भाड़ा एवं पेट्रोलियम पदार्थ के दाम बढ़ाए गए हैं, उसका सीधा बोझ देश की जनता को झेलना पड़ रहा है। इस मौके पर सूबेदार तिवारी, अमन वर्मा, आयुष वर्मा, गोलू वर्मा, अस्करी अब्बास, हसन अब्बा, भोलू, सोनू श्रीवास्तव व अंगद सिंह आदि मौजूद थे।