रामचंद्र अध्यक्ष व विशाल सचिव निर्वाचित
अंबेडकरनगर : बार एसोसिएशन से संबद्ध अधिवक्ता कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सचिव पद का मतदान गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ। इसमें रामचंद्र लाल श्रीवास्तव अध्यक्ष एवं विशाल सिंह सचिव पद पर निर्वाचित हुए। वहीं नौ अधिवक्ताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि दो लोग वोट डालने से कन्नी काट गए।
गत दिनों अधिवक्ता कल्याण समिति के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकारिणी के चुनाव में विशाल सिंह, वसीम अब्बास, संजीव कुमार सिंह, शेषनाथ त्रिपाठी, रामचंद्र लाल श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार वर्मा, करमचंद्र यादव, अजय पटेल एवं अशोक त्रिपाठी सदस्य पद पर निर्वाचित हुए थे। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए शेषनाथ त्रिपाठी एवं रामचंद्रलाल श्रीवास्तव एवं सचिव पद पर विशाल कुमार सिंह व अशोक कुमार त्रिपाठी ने नामांकन पत्र दाखिल कर ताल ठोंकी थी। इसके चयन के लिए बार अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मिश्र, सचिव शेषमणि दुबे समेत निर्वाचित नौ सदस्यों को मतदान करना था। शनिवार को बार भवन में संपन्न हुई मतदान प्रक्रिया में नौ अधिवक्ताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि दो मतदाताओं ने मतदान प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। मतगणना के दौरान सात-सात मत पाकर रामचंद्र लाल श्रीवास्तव अध्यक्ष एवं विशाल सिंह सचिव पद पर निर्वाचित हुए। जबकि शेषनाथ त्रिपाठी व अशोक कुमार को दो-दो मत मिले। परिणाम की घोषणा के उपरांत समर्थकों ने विजयी उम्मीदवारों को माला पहनाकर बधाई दी। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी जालिपा प्रसाद वर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी शिव प्रसाद सिंह, केडी मिश्र समेत अन्य लोग मौजूद थे।