'वोट डालने चलो रे साथी, लोकतंत्र के बनो बराती'
इलाहाबाद : लोकतंत्र के पर्व में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को ईश्वरशरण
इलाहाबाद : लोकतंत्र के पर्व में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को ईश्वरशरण डिग्री कालेज की राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में रैली निकाली गई। प्राचार्य डा. आनंद शंकर सिंह और इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एनएसएस समन्वयक डा. मंजू सिंह ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
स्वयंसेवकों ने शुक्ला मार्केट, सलोरी, ओम गायत्री नगर, ऊंटखाना और छोटा बघाड़ा पहुंच कर मतदाताओं को जागरूक किया। इसमें बृजेश मिश्र, अभिषेक त्रिपाठी, सिद्धार्थशंकर, सुजीत प्रतीक आदि ने नारे लगाकर मतदाताओं को जागरूक किया। 'वोट डालने चलो रे साथी, लोकतंत्र के बनो बराती', 'बच्चा बच्चा करे पुकार-वोट डालना अबकी बार' का नारा देकर मतदाताओं को प्रेरित किया। नाट्य प्रस्तुति में स्वयंसेवकों और सेविकाओं ने मतदान के महत्व को उजागर किया और नाट्य प्रस्तुति में मतदान करने के फायदे और न करने के नुकसान को विभिन्न संवाद के माध्यम से प्रस्तुत किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डा. आनंद शंकर सिंह ने कहा कि युवा ही राष्ट्र के कर्णधार हैं। इनको बेहतर राष्ट्र निर्माण का मिशन बनाना चाहिए। एनएसएस का लक्ष्यगीत प्रस्तुत किया गया। छात्र-छात्राओं ने मलिन बस्ती में जाकर सर्वेक्षण कर गुरुवार को होने वाले मतदान के बारे में जागरूक किया। रैली का नेतृत्व डा. सुमन अग्रवाल और डा. अंजना ने किया। इसमें वर्तिका पांडेय, प्रिया मिश्रा, योगिता पांडेय, वैशाली, कविता सिंह, अरविंद, श्रद्धा, वरुण, सौरभ, राहुल, शुभम, शरणम, सचिन, बृजेश, मिश्र, अभिषेक, सुजीत आदि शामिल रहे।