Kumbh mela 2019 : 21 तक भारी वाहनों की नो एंट्री, आटो व ई-रिक्शा पर भी प्रतिबंध
कुंभ मेला के पांचवें प्रमुख स्नान पर्व माघ पूर्णिमा के तहत जनपद में भारी वाहनों की नो एंट्री लागू कर दी गई है। स्नान पर्व के दिन शहर के प्रमुख बाजार भी बंद रहेंगे।
प्रयागराज : कुंभ मेला के पांचवें प्रमुख स्नान पर्व माघ पूर्णिमा के मद्देनजर नई व्यवस्था के तहत यातायात प्लान जनपद में लागू कर दिया गया है। यातायात प्रतिबंध, रूट डायवर्जन लागू करते हुए जिले में 21 फरवरी तक समस्त प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। 21 फरवरी की रात 11 बजे के बाद ही भारी वाहनों को जिले की सीमाओं में एंट्री दी जाएगी। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं वाले वाहनों को छूट रहेगी।
भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन के नए इंतजाम
शहरी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन के नए इंतजाम किए गए हैं। आज शाम चार बजे तक लखनऊ, प्रतापगढ़ की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों को गंगेश्वर महादेव, बक्शी बांध कछार पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। रीवा रोड, मीरजापुर की तरफ से आने वाले वाहनों को लेप्रोसी चौराहे से आगे नहीं आने दिया जाएगा। वहां बनी पार्किंग में वाहनों को खड़ा कराया जाएगा। इसी प्रकार वाराणसी रोड से आने वाले वाहनों को कटका, झूंसी से आगे नहीं आने दिया जाएगा। स्नान पर्व के दिन झूंसी से आने वाले दो पहिया वाहनों को भी महुआबाग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
बुधवार शाम तक लागू रहेगी व्यवस्था
एसएसपी के मुताबिक बुधवार तक चार पहिया वाहन जवाहर लाल नेहरू रोड, बालसन चौराहे से आगे नहीं जा सकेंगे। इन मार्गों पर जाने वाले वाहनों को विश्वविद्यालय फुटबाल मैदान, कर्नलगंज इंटर कालेज में खड़े कराए जाएंगे। इसी प्रकार आज से 20 फरवरी तक पुराने शहर एवं एमजी मार्ग, जवाहर लाल नेहरू रोड पर आटो, रिक्शा, ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह रोक दिया गया है।
माघ पूर्णिमा पर कल बंद रहेंगे प्रमुख बाजार
19 फरवरी को सिविल लाइंस, चौक जानसेनगंज, हीवेट रोड बाजार बंद रहेंगे। 20 फरवरी तक शहरी क्षेत्र में चार पहिया वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने शहर के लोगों से अपील की है कि स्नान पर्व के दिन दो पहिया वाहन न चलाएं।