हमारी सरकार की योजनाएं गरीबों तक जरूर पहुंचेंगी : मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में अब भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। हमारी सरकार की हर योजनाएं गरीबों तक जरूर पहुंचेंगी।
By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Mon, 27 Mar 2017 01:58 PM (IST)Updated: Mon, 27 Mar 2017 02:01 PM (IST)
इलाहाबाद (जेएनएन)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को भरोसा है कि सीएम आदित्यनाथ योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की हर योजना गरीब तक जरूर पहुंचेगी। मौर्य आज संगमनगरी में मीडिया के मुखातिब थे।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास प्रदेश के निचले वर्ग को भी मुख्यधारा में लाने का है। हमारी सरकार की हर योजनाएं गरीबों तक जरूर पहुंचेंगी। प्रदेश की सभी सड़कों को बहुत जल्द गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में अब भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही अब पीडब्ल्यू के सभी ठेकों में गुंडे ठेकेदार को बाहर किया जाएगा। अब गुंडे ठेकेदार सरकार को बर्दाश्त नहीं हैं। पिछली सरकार के भ्रष्टाचार की जांच होगी। पीडब्ल्यूडी में ई-टेंडरिंग से ही ठेकों का आवंटन होगा। इसके साथ ही भाजपा सरकार भर्तियों में व्याप्त सभी प्रकार के व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त कर देगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जल्दी ही इलाहाबाद में फूड प्रोसेस पार्क का निर्माण कराने का प्रयास करेंगे। मेगा फूड पार्क की स्थापना के लिए पहल की जाएगी। इसके साथ ही जहां कहीं भी आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) की जरूरत है, उसे बनवाया जाएगा। शहर में नजूल भूमि के मसले पर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। बतौर डिप्टी सीएम पहले प्रवास के दौरान वह पत्रकारों के बीच थे।
इलाहाबाद न्यूज रिपोर्टर्स क्लब में पत्रकारों के लिए सस्ते आवास की भी मांग की गई। इस पर उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में जितना संभव होगा, जरूर करेंगे। केशव ने कुछ समय अंशकालिक पत्रकार (संवाद सूत्र) के रूप में भी गुजारा है। उन्होंने कहा कि मैं अभी भी भारतीय जनता पार्टी का आम कार्यकर्ता हूं। मैं तो प्रेस विज्ञप्ति लिखकर अखबारों के दफ्तर मे पहुंचाता था। मैंने भी संवादसूत्र के रूप में अखबारों में काम किया है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें