सरकार अपने संकल्प पत्र के अनुसार करे काम : राज्यपाल
राज्यपाल रामनाईक ने कहा है कि भाजपा सरकार को अपने घोषणापत्र के अनुसार काम करना चाहिए। एंटी रोमियो दल पर अभी किसी तरह का विवाद पैदा नहीं किए जाने चाहिए। सरकार को समय दिया जाए।
इलाहाबाद (जेएनएन)। राज्यपाल रामनाईक ने कहा है कि प्रदेश में बनी भाजपा सरकार को अपने घोषणापत्र के अनुसार काम करना चाहिए। उप्र राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में राज्यपाल ने कहा कि कानून व्यवस्था प्रदेश सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। एंटी रोमियो दल के बारे में सवाल टालते हुए उन्होंने इतना भर कहा कि अभी किसी तरह का विवाद पैदा नहीं किए जाने चाहिए। सरकार को समय दिया जाए।
फाफामऊ में उप्र राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के यमुना परिसर स्थित नवनिर्मित क्षेत्रीय केंद्र के भवन का उद्घाटन करने के बाद राज्यपाल ने 'डॉ. राम मनोहर लोहिया का दर्शन विषयक तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भी उद्घाटन किया। इस दौरान डॉ. लोहिया से जुड़े संस्मरण सुनाए। कहा कि डॉ. लोहिया मातृभाषा में शिक्षा के हिमायती रहे हैं। राजनीति में भिन्न विचारों वालों के साथ कैसे व्यवहार किया जाता है। यह डॉ. लोहिया से सीखा जा सकता है। राज्यपाल ने डॉ. लोहिया के दर्शन पर समयानुसार विचार करने की सीख भी दी।
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता को जो आश्वासन दिए थे, सरकार बनने के बाद उसके अनुसार काम करना शुरू कर दिया गया है। सरकार को अभी समय दिया जाना चाहिए। कानून-व्यवस्था के साथ ही भ्रष्टाचार की समाप्ति और शिक्षा क्षेत्र में बेहतरी के लिए प्राथमिकता से काम होना चाहिए।
मुक्त विश्वविद्यालय से राज्यपाल सीधे जार्जटाउन स्थित न्यायमूर्ति गिरिधर मालवीय के घर गए। उनसे मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम पूछा। वहां करीब एक घंटे रहने के बाद वह लखनऊ रवाना हो गए।