वर्चस्व की लड़ाई में हुई थी शुभम की हत्या
जासं, इलाहाबाद : राजरूपपुर मुहल्ले में आठ जून की रात हुई शुभम यादव की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर
जासं, इलाहाबाद : राजरूपपुर मुहल्ले में आठ जून की रात हुई शुभम यादव की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। धूमनगंज पुलिस ने हत्यारोपी सुरेश को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसके साथी मनोज और गुड्डू फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। कत्ल के पीछे वर्चस्व की लड़ाई की बात सामने आई है।
कौशांबी जिले के सरायअकिल थाना क्षेत्र स्थित सड़वा गांव का निवासी शुभम राजरूपपुर के 60 फीट रोड निवासी विनोद यादव के मकान में किराए का कमरा लेकर परिवार के साथ रहता था। सात जून की रात उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया तो वह घर से निकल गया। अगले दिन सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर उसकी लाश मिली थी। कातिलों ने शुभम को छह गोली मारी थी। धूमनगंज पुलिस ने आशनाई और दूसरे बिंदु पर जांच शुरू की। हत्याकांड के बाद धूमनगंज पुलिस ने तफ्तीश की तो कई सुराग मिले। इसके बाद सोमवार को राजरूपपुर के पसियाना मुहल्ले निवासी सुरेश को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण त्यागी ने बताया कि घटना की रात मुहल्ले में आयोजित एक प्रीतिभोज में शुभम गया था। वहीं पर मनोज, गुड्डू और सुरेश भी पहुंचे। सभी शराब के नशे में थे। इसी दौरान उनकी बीच जरायम की अदावत को लेकर झगड़ा हुआ तो सभी लोग शुभम को पकड़कर गली में ले गए। वहां गुड्डू ने अपनी पिस्टल से शुभम को गोली मारी। फिलहाल फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।