ट्रक ने मारी बाइक में टक्कर, दो की मौत
नैनी/इलाहाबाद : नैनी थाना क्षेत्र के मेवालाल की बगिया के करीब शनिवार सुबह बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक
नैनी/इलाहाबाद : नैनी थाना क्षेत्र के मेवालाल की बगिया के करीब शनिवार सुबह बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार अशोक यादव (25) और राजेंद्र पटेल (26) को कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक के साथ चालक को दबोच लिया। मौत की सूचना घर पहुंचने पर परिवार में मातम पसर गया।
सोरांव थाना क्षेत्र के शिवगढ़ प्रसादपुर निवासी कृष्ण कुमार पटेल सब्जी का कारोबार करते हैं। उनके चार बेटों में छोटा राजेंद्र करछना ब्लॉक में बतौर प्रेरक पद पर संविदा कर्मचारी था। करछना ब्लॉक में ही प्रतापगढ़ के उदयपुर थाना क्षेत्र के चकिया राजापुर निवासी सुभाष यादव का बेटा अशोक भी ऑपरेटर के पद पर संविदा कर्मचारी था। अशोक जार्जटाउन के रामप्रिया रोड पर दिनेश रावत के घर में किराए का कमरा लेकर रहता था। शनिवार सुबह राजेंद्र बाइक से ड्यूटी पर करछना जा रहा था। नए पुल के पास अशोक कुमार भी मिल गया तो दोनों साथ हो लिए। इसके बाद वह जा रहे थे, तभी मेवा लाल की बगिया पर एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक ट्रक में फंस गई तो दोनों युवक घिसटते हुए काफी दूर तक चले गए। पहिया चढ़ने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख आसपास के लोग नाराज हो गए और ट्रक को घेर लिया। तब तक खबर पाकर नैनी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रक के साथ चालक को दबोच लिया। जेब में मिले पहचान पत्र के आधार पर मृतकों की पहचान हुई तो घरवालों को खबर दी गई। कुछ देर बाद परिजन रोते-बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्हें समझ में ही नहीं आ रहा था कि आखिर क्या हो गया।
.....
डेढ़ साल पहले हुई थी अशोक की शादी
पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे गमजदा ससुर रामसुख यादव ने बताया कि अशोक की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। पत्नी सुशीला गांव में रहती है। अशोक के पिता सुभाष चेन्नई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घर में अशोक दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था और परिवार का भरण पोषण भी उसी के कंधे पर था।
.....
खुशियों से पहले घर में छाया मातम
राजेंद्र पटेल की अविवाहित था। वह चार भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। परिजन राजेंद्र की शादी की तैयारी कर रहे थे। उसके लिए लड़की भी देख रहे थे। लेकिन खुशियों के आने से पहले ही घर में मातम छा गया।