कुंभ की छटा देख रोमांचित हुई थीं मीरा कुमार
जासं, इलाहाबाद : राष्ट्रपति चुनाव में यूपीए-गठबंधन की प्रत्याशी मीरा कुमार का इलाहाबाद से विशेष लगाव
जासं, इलाहाबाद : राष्ट्रपति चुनाव में यूपीए-गठबंधन की प्रत्याशी मीरा कुमार का इलाहाबाद से विशेष लगाव रहा है। प्रयाग आने का कोई भी मौका उन्होंने नहीं छोड़ा। चार साल पहले वह कुंभ के दौरान भी प्रयाग आई थीं। संगम में डुबकी लगाने के बाद वह रोमांचित नजर आई। बोलीं कि इतना विशाल मेला करोड़ों की भीड़ कल्पना से परे है।
2012-13 में हुए कुंभ में उन्हें प्रयाग आने का मौका मिला था। उस समय वह लोकसभा अध्यक्ष थीं। यहां आने का उनका मुख्य उद्देश्य तो संगम में डुबकी लगाना था, पर बाद में उन्होंने कांग्रेसियों के साथ ही अधिकारियों से भी मुलाकात की थी। सर्किट हाउस में अधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिह्न भी दिया था। इस दौरान कांग्रेसियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने भी उनसे मुलाकात की थी। उस मुलाकात में पूर्व मेयर चौ. जितेंद्र नाथ सिंह व पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता किशोर वाष्र्णेय भी शामिल थे। उस पल को याद करते हुए किशोर वाष्र्णेय बताते हैं कि मीरा कुमार स्वभाव से अत्यंत ही नम्र हैं। कांग्रेसियों से मिलकर वह बहुत खुश थीं। कुशलक्षेम पूछने के बाद उन्होंने अपनी सेक्रेटरी से सबका नंबर नोट करने को कहा था। इसके पहले भी वह प्रयाग आ चुकी हैं। 1994 में वह अनिल शास्त्री के साथ प्रयाग आई थीं। उस दौरान आनंद भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने शिरकत भी की थी। इसके बाद 2010 में भी वह इलाहाबाद आई थीं। यहां शियाट्स में आयोजित कार्यक्रम में वह मुख्य अतिथि थीं। रात सरर्किट हाउस में बिताने के बाद दूसरे दिन वह दिल्ली लौटी थीं।
दलित अधिकार मोर्चा ने जताई खुशी
इलाहाबाद : भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रपति पद के लिए रामनाथ कोविंद को प्रत्याशी घोषित करने पर अखिल भारतीय दलित अधिकार मोर्चा ने खुशी जताई है। मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन लाल भारतीय की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में यह निर्णय लेने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया गया। रोशन लाल ने कहा कि रामनाथ कोविंद पहले भी इलाहाबाद आ चुके हैं।