पिकअप पलटी, एक की मौत, 25 जख्मी
थरवई/इलाहाबाद : भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं से भरी बोलेरो पिकअप बुधवार शाम थरवई थान
थरवई/इलाहाबाद : भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं से भरी बोलेरो पिकअप बुधवार शाम थरवई थाने के हार्टमनगंज गांव के करीब पलट गई। इससे पिकअप में सवार आशाराम पटेल (45) पुत्र पुन्नी लाल निवासी अभईपुर बहरिया की मौत हो गई। जबकि करीब 25 महिलाएं व पुरूष जख्मी हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता एसएसपी दफ्तर में इंस्पेक्टर बहरिया के खिलाफ शिकायत के बाद वापस घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ।
भाकियू गंगापार के प्रभारी बबलू दुबे की अगुवाई में बुधवार सुबह अभईपुर, किरांव, धमौर और मऊआइमा के तमाम किसान चाका ब्लॉक के पास गए थे। यहां मध्य प्रदेश में मारे गए किसानों लेकर आयोजित एक बैठक में शामिल हुए। इसके बाद सभी एसएसपी ऑफिस पहुंचे। एसएसपी के न मिलने पर किसानों ने एसपी गंगापार को ज्ञापन दिया। इसमें अभईपुर निवासी कार्यकर्ता लाल प्रताप यादव के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट की निष्पक्ष जांच करने और इंस्पेक्टर को हटाने की मांग की गई। इसके बाद करीब 33 महिला व पुरुष बोलेरो पिकअप में सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। पिकअप अभईपुर निवासी नीरज चला चला था। हार्टमनगंज गांव के करीब मोड़ के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पीछे से आ रही विक्रम ने भी टक्कर मार दी। दुघर्टना से वहां अफरा-तफरी मच गई। राहगीर और आसपास के लोगों ने सभी को अस्पताल भिजवाया। बेली अस्पताल में डॉक्टरों ने आशाराम को मृत घोषित कर दिया। सूबेदार, जसमत, रामसजीवन और राममूर्ति की हालत गंभीर होने पर उन्हें स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में उर्मिला, विमला देवी, कुसुम देवी, मैना, फूला, सुनीता, शकुंतला, जयराम, लालजी, द्रोपदी, अनीता, मुकेश समेत कई अन्य भी जख्मी हुए। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद सभी अपने-अपने घर चले गए।