भाजपा का टिकट चाहिए तो हटाएं होर्डिग और पोस्टर
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : नगर निगम चुनाव को लेकर परिसीमन अभी तय नहीं हुआ है। चुनाव कब होगा उसकी ता
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : नगर निगम चुनाव को लेकर परिसीमन अभी तय नहीं हुआ है। चुनाव कब होगा उसकी तारीख भी अभी अधर में है। बावजूद इसके मुहल्ले में कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वयं को पार्षद व महापौर प्रत्याशी घोषित कर होर्डिग, पोस्टर, स्टीकर तथा बैनर लगा दिए हैं। जहां भाजपा के वर्तमान पार्षद हैं वहां भी नए नेताओं की प्रत्याशी के रूप में होर्डिग नजर आ रही है।
ऐसा करने वालों में उन लोगों की संख्या अधिक है जो चंद माह या कुछ दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुए हैं। इसमें अधिकतर ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक भाजपा की सदस्यता भी नहीं ली। ऐसे लोगों के खिलाफ संगठन सख्त हो गया है। पहले लोकसभा के बाद विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत से भाजपाइयों का उत्साह चरम पर है। ऐसे लोगों ने नगर निगम चुनाव को लेकर स्वयं को प्रत्याशी घोषित करना शुरू भी कर दिया है। इसमें काफी संख्या में ऐसे लोग भी शामिल हैं जो अभी तक सपा, बसपा व कांग्रेस का झंडा थामकर राजनीति कर रहे थे। ऐसे सैकड़ों नेता भाजपा से जुड़ने को लालायित हैं। हर वार्ड में ऐसे चेहरों की भरमार है जिन्होंने स्वयं को भाजपा के प्रत्याशी के रूप में होर्डिग, पोस्टर तथा बैनर लगा रखे हैं। ऐसा करने वालों के खिलाफ भाजपा सख्त हो गई है। महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्त ने सारे नेताओं से प्रचार सामग्री तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। कहा कि भाजपा में कोई भी निर्णय सामूहिक राय पर होता है। बिना संगठन के निर्देश के कोई भी स्वयं को प्रत्याशी बताकर होर्डिग, पोस्टर व बैनर नहीं लगा सकता। ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। वह जल्द अपनी होर्डिग व अन्य प्रचार सामग्री नही हटाते तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।