'कलरव' में हुई अद्भुत प्रस्तुतियां
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में चल रहे सांस्कृतिक का
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम 'कलरव' में टेक्नोक्रेट्स की कलात्मक प्रतिभा निखर कर सामने आ रही है। आयोजन के तीसरे दिन रविवार को कार्यक्रम की शुरुआत नाटकों के मंचन से हुई। दहेज प्रथा, नारी शक्ति, भ्रूणहत्या रोकने सहित विभिन्न विषयों पर आधारित स्वरचित एवं स्वनिर्देशित नाटकों के माध्यम से प्रतिभागियों ने सारगर्भित तरीके से दर्शकों तक अपनी बातें पहुंचाई।
इसके बाद 'राज मताज' नामक पश्चिमी नृत्य प्रतियोगिता हुई। प्रतिभागियों ने अपने नृत्य कौशल का प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। हॉल में नृत्य और संगीत के विविध रंगों की छटा बिखरी तो दर्शक उसमें सराबोर नजर आए। इसके बाद हुई चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। बहुउद्देशीय हॉल के मुख्य द्वार और सीढि़यों को खूबसूरत रंगों से सजाया गया। इससे हॉल की सुंदरता और बढ़ गई। फिर साहित्य प्रतियोगिता हुई। छात्र-छात्राएं अपनी रचनाओं के जरिए अपने अंदर छिपे कवि हृदय को सबके सामने लाए। कम उम्र व अलग विषय होने के बावजूद प्रतिभागियों की साहित्यिक रुचि देखते ही बनी। वहीं 'रोकटेव' बैंड ने धमाल मचाया। संस्थान के जिमखाना ग्राउंड में कलाकारों ने बैंड का जोशीला प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। अद्भुत संगीत की प्रस्तुति से वातावरण सुरों से चहक उठा। संयोजन डॉ. अभिषेक कुमार ने किया। छात्र क्रियाकलाप केंद्र अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्त, हेमंत कुमार, अमन गौतम, आयुषी गुरहा, शिशिर सिन्हा, अनंतराम दुबे, शिवम, अक्षरा बेदी आयोजन टीम में शामिल हैं।