डॉक्टर की गोली मारकर हत्या
जासं, इलाहाबाद : कैंट थाना क्षेत्र के गंगानगर मुहल्ले में रहने वाले डॉक्टर राहुल पाल सिंह (37) की गु
जासं, इलाहाबाद : कैंट थाना क्षेत्र के गंगानगर मुहल्ले में रहने वाले डॉक्टर राहुल पाल सिंह (37) की गुरुवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को कमरे में शव के पास ही पिस्टल बरामद हुई, जिससे गोली चली थी। परिजनों ने घटना के वक्त डॉक्टर के घर मौजूद रही महिला असिस्टेंट पर हत्या का शक जताया है। वहीं पुलिस खुदकशी बता रही है। फिलहाल सीसीटीवी से सच्चाई सामने आने की बात कही जा रही है।
सुल्तानपुर जिले के करौंदी पहाड़पुर गांव निवासी देवेन्द्र पाल सिंह रिटायर्ड शिक्षक हैं। उनके दो बेटों में बड़े राहुल पाल सिंह डॉक्टर थे। वह कैंट थाना क्षेत्र के गंगानगर मुहल्ले में मकान बनवाकर 11 साल के बेटे हर्ष के साथ रहते थे। पत्नी और बेटी गांव में रहते हैं। राहुल रामबाग स्थित जीवन ज्योति अस्पताल का मैनेजमेंट भी संभालते थे। अस्पताल में एक युवती उनकी असिस्टेंट है। वह कटरा में रहती है। दो दिन पहले बेटा हर्ष भी गांव चला गया था। गुरुवार रात राहुल ने फोन करके महिला असिस्टेंट को घर बुलाया। दोनों ने घर पर ही चाऊमीन बनाकर खाया। सूत्रों के मुताबिक राहुल ने शराब भी पी रखी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने असिस्टेंट से कहासुनी हो गई और दोनों उलझ गए। डाक्टर की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चली। गोली राहुल की कनपटी पर लगी और वे जमीन पर गिर गए। खबर मिलने पर पहुंची कैंट पुलिस डॉक्टर को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर शुक्रवार दोपहर छोटा भाई राजन समेत कई रिश्तेदार पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। उन्होंने शक जताया कि राहुल की हत्या की गई है और उसमें महिला असिस्टेंट का हाथ हो सकता है। एसओ कैंट बृजेश द्विवेदी को असिस्टेंट ने बयान दिया है कि नशे में धुत डॉक्टर उसे रिवाल्वर चलाकर दिखा रहे थे। मना करने पर कहा था कि लॉक है, लेकिन गोली चली और लग गई। फिलहाल एसपी सिटी विपिन टांडा का कहना है कि अभी तक आत्महत्या की बात सामने आई है। रिवाल्वर के फ्रिंगर प्रिंट और सीसीटीवी की जांच से सच्चाई का पता चल जाएगा। यदि डॉक्टर ने खुदकुशी भी की तो क्यों और हत्या की गई तो किसने और क्यों किया। इसकी जांच की जा रही है। असिस्टेंट और डॉक्टर के प्रेम संबंध समेत कई तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।