वकील और उसके भाई पर 'मिर्ची स्प्रे' से हमला
जासं, इलाहाबाद : किराएदारी के विवाद में मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने अधिवक्ता अखिलेश सिंह और उनके भाई स
जासं, इलाहाबाद : किराएदारी के विवाद में मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने अधिवक्ता अखिलेश सिंह और उनके भाई सुनील पर 'मिर्ची स्प्रे' से हमला कर दिया। विरोध करने पर पिटाई करते हुए उनके कपड़े भी फाड़ दिए। कटरा में हुई घटना से नाराज वकीलों ने कर्नलगंज थाने पर हंगामा किया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
मूलरूप से देवरिया के रहने वाले कामेश्वर सिंह के बेटे अखिलेश हाईकोर्ट में वकालत करते हैं। वह अपने भाई के साथ कटरा में जगराम चौराहा स्थित शगुन गेस्ट हाउस में किराए पर रहते हैं। अखिलेश का आरोप है कि मंगलवार सुबह सुनील दूध लेने जा रहा था। तभी कृष्ण जायसवाल का बेटा उपहार उनसे किराएदारी को लेकर विवाद करने लगा। झगड़ा बढ़ने पर वहां एक महिला पहुंच गई और उसने स्प्रे छिड़क दिया। इससे सुनील की आंखों में जलन होने लगी तो उन्होंने शोर मचाया। इस पर अखिलेश वहां पहुंच गए तो उनसे मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ दिए गए। इसकी जानकारी मिलने पर वहां कई वकील पहुंच गए और हंगामा करते थाने तक गए।
इंस्पेक्टर कर्नलगंज समीर सिंह का कहना है कि दो दिन पहले भी अखिलेश और कृष्ण जायसवाल के बीच विवाद हुआ था। अखिलेश की तहरीर पर कृष्ण जायसवाल, अर्जुन अग्रवाल व पांच अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। फिलहाल मंगलवार को हुई घटना के बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है।