हाईटेंशन लाइन से आठ झुलसे, उपकरण फुंके
सहसों, इलाहाबाद : ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत विभाग की लापरवाही फिर सामने आई है। घटना फूलपुर तहसील
सहसों, इलाहाबाद : ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत विभाग की लापरवाही फिर सामने आई है। घटना फूलपुर तहसील के कांदी गांव में हुई जहां हाई वोल्टेज करंट पूरे गांव में दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से आठ लोग झुलस गए जिसमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है। हाई वोल्टेज करंट से लाखों के विद्युत उपकरण फुंक गए।
मलावा उपकेंद्र के अंतर्गत कांदी से ग्यारह हजार वोल्ट के तार गुजरे हैं। इसके ठीक नीचे 440 वोल्ट के तार खींचे गए हैं। हाई वोल्टेज तार काफी नीचे लटके हुए हैं। इसकी शिकायत भी कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई पर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजा गुरुवार की शाम चार बजे के करीब हाई वोल्टेज तार नीचे से गुजरे 440 वोल्ट के तार से छू गया। फिर क्या था, चंद सेकेंड में पूरे गांव को बिजली का जोरदार झटका लगा। लोग घर से बाहर की ओर भागे। बचो-बचाओ के शोर से गांव गूंज उठा। करंट की चपेट में आकर गुरुदीन, नगमा बानो, वंदना, अनीता, मोहम्मद फैज, जाहिद, बाऊल, आदिल झुलस गए। सभी को सहसों स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें से गुरुदीन, नगमा, वंदना व अनीता की हालत नाजुक बनी हुई है।
हाईवोल्टेज करंट की चपेट मे आकर घरों में लगे विद्युत उपकरण टीवी, पंखा, कूलर, फ्रिज, इन्वर्टर, समर सेबल पंप आदि जल गए। घटना की सूचना पर वहां के कर्मचारियों ने तत्काल फीडर को बंद किया तब जाकर ग्रामीणों की जान में जान आई। मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मियों ने तार को अलग किया। बिजली अधिकारियों के मुताबिक गांव की बिजली तीन चार दिनों तक नहीं आ सकेगी। मरम्मत कार्य के बाद भी आपूर्ति सुचारू होगी।