पत्नी से झगड़ा कर मजदूर ने कुएं में कूदकर जान दी
जासं, इलाहाबाद : मुंडेरा में बुधवार दोपहर पत्नी से विवाद होने पर मजदूर दिलीप भारतीय (45) कुएं में
जासं, इलाहाबाद : मुंडेरा में बुधवार दोपहर पत्नी से विवाद होने पर मजदूर दिलीप भारतीय (45) कुएं में कूद गया। मजदूर को बचाने के लिए तमाम कोशिश की गई लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पांच घंटे बाद फायर बिग्रेड कर्मियों ने कुएं से शव निकाला।
दिलीप भारतीय मुंडेरा मंडी में ही मजदूरी करता था। वह शराब पीने का आदी था। इसको लेकर आए दिन घर में विवाद होता था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह शराब के नशे में घर आया तो पत्नी सुनीता से कहासुनी हो गई। इससे नाराज दिलीप घर से निकला और सौ मीटर दूर स्थित 70 फीट गहरे कुएं में कूद गया। मोहल्ले की ही राजकली ने हादसा देखा तो वह शोर मचाते हुए सुनीता के पास पहुंची। जानकारी दी तो सुनीता, उसका बेटा विक्की व बेटी रूपाली मौके पर पहुंचे। मौके पर मोहल्ले के लोगों की खासी भीड़ जुट गई। सूचना धूमनगंज थाने की पुलिस को दी गई। फायर कर्मियों को बुलाया गया। अग्निशमन दल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद साढ़े पांच बजे कुएं से शव निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।